चिरमिरी।
चिरमिरी स्थित प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान के. बी. पटेल कॉलेज ऑफ नर्सिंग के नाम एक और बड़ी उपलब्धि जुड़ गई है। कॉलेज में आयोजित हालिया कैंपस प्लेसमेंट इंटरव्यू में संस्थान के कुल 30 छात्र-छात्राओं का चयन रायपुर के सुप्रसिद्ध संजीवनी सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में हुआ है।
इस चयन प्रक्रिया में बीएससी नर्सिंग चतुर्थ वर्ष (8 वां सेमेस्टर) और जीएनएम तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया था, जिसमें उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर हॉस्पिटल प्रबंधन ने उन्हें नियुक्त किया है। इतनी बड़ी संख्या में छात्रों का चयन होना पूरे क्षेत्र और कॉलेज के लिए बेहद हर्ष और गौरव का विषय है।
संस्थान का गौरवशाली इतिहास:
गौरतलब है कि यह गौरवमयी शिक्षण संस्थान वर्ष 2011 से निरंतर संचालित है। कॉलेज से शिक्षा प्राप्त कर उत्तीर्ण हुए छात्र आज न केवल देश के विभिन्न राज्यों में, बल्कि विदेशों के भी जाने-माने और प्रतिष्ठित अस्पतालों में नर्सिंग ऑफिसर व अन्य प्रमुख पदों पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं और क्षेत्र का नाम रोशन कर रहे हैं।
इस अभूतपूर्व सफलता पर संस्था के चेयरमैन चंद्रकांत पटेल ने चयनित सभी छात्र- छात्राओं को फोन के माध्यम से विशेष बधाई संदेश दिया। उन्होंने कहा कि बच्चों की यह सफलता उनकी कड़ी मेहनत और कॉलेज के फैकल्टी के सही मार्गदर्शन का परिणाम है।
कॉलेज के डायरेक्टर विश्वजीत बारीक ने सभी चयनित बच्चों को अपना आशीर्वाद देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा, "आप जीवन में जहां भी कार्य करें, पूरी ईमानदारी, दिल और मन लगाकर करें। आपका सेवा भाव ही आपकी असली पहचान बनेगा।"
संस्थान की प्रिंसिपल डॉ. प्रियंशु सिंह थॉमस ने भी सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल और सफल करियर की कामना की। उन्होंने कहा कि कॉलेज आगे भी विद्यार्थियों को देश के सर्वश्रेष्ठ अस्पतालों में रोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।
इस बड़ी उपलब्धि से कॉलेज स्टाफ, विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों में खुशी की लहर है।




पाठकों की टिप्पणियां 0