31 अगस्त से ‘युवा उड़ान 2026’ का आगाज, प्रदेशभर में जुटेंगे 16 से 24 वर्ष के युवा,
मनेंद्रगढ़। छत्तीसगढ़ राज्य गठन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के युवाओं को ‘विकसित भारत@2047’ और ‘विकसित छत्तीसगढ़’ के संकल्प से जोड़ने के उद्देश्य से ‘युवा उड़ान 2026’ कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
छत्तीसगढ़ शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने प्रदेश के सभी जिलों में कार्यक्रम आयोजित करने के लिए जिला प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। कार्यक्रम का राज्य स्तरीय शुभारंभ 31 अगस्त 2026 को बीजापुर जिले से किया जाएगा। इसके बाद छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में प्रत्येक जिले में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
एक मंच पर आएंगे विभिन्न क्षेत्रों के युवा
‘युवा उड़ान 2026’ में 16 से 24 वर्ष आयु वर्ग के करीब 1,000 युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है। इसमें कक्षा 9वीं से 11वीं के मेधावी विद्यार्थी, महाविद्यालयीन छात्र-छात्राएं, प्रावीण्य छात्र, कला-साहित्य एवं संस्कृति के क्षेत्र में सक्रिय युवा, खेल अकादमियों के प्रशिक्षणार्थी तथा UPSC और CGPSC जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवा शामिल होंगे।
इसके अलावा इंजीनियरिंग, मेडिकल, कृषि, पॉलिटेक्निक एवं ITI के विद्यार्थी, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर, सामाजिक कार्यकर्ता, कौशल विकास प्रशिक्षणार्थी, छात्रावासों में निवासरत विद्यार्थी, दिव्यांगजन तथा आत्मसमर्पित पूर्व नक्सली युवाओं की सहभागिता भी सुनिश्चित की जाएगी।
युवाओं से होगा सीधा संवाद, सुने जाएंगे सुझाव
कार्यक्रम की कुल अवधि 2 घंटे 10 मिनट निर्धारित की गई है। इसमें आमंत्रित विषय विशेषज्ञों के लिए लगभग 1 घंटे 30 मिनट तथा युवाओं के साथ संवाद, प्रश्नोत्तर एवं सुझाव के लिए 40 मिनट का समय निर्धारित रहेगा।
इस दौरान केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा युवाओं के लिए संचालित विकासात्मक एवं कल्याणकारी योजनाओं, ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’, ‘विकसित भारत@2047’ तथा ‘विकसित छत्तीसगढ़’ के निर्माण में युवाओं की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं से प्राप्त विचारों एवं सुझावों को संकलित किया जाएगा। इसके आधार पर कार्यक्रम के एक सप्ताह के भीतर समग्र प्रतिवेदन तैयार कर छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग को भेजा जाएगा, ताकि युवाओं के सुझावों को आगामी नीतिगत क्रियान्वयन में शामिल किया जा सके।
सरस्वती वंदना से होगी शुरुआत, बनेगा सेल्फी जोन
‘युवा उड़ान 2026’ का शुभारंभ मां सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि के साथ होगा। इसके बाद वंदे मातरम्, राष्ट्रगान एवं छत्तीसगढ़ राज्यगीत का गायन किया जाएगा।
कार्यक्रम स्थल पर My Bharat पोर्टल एवं युवा आयोग की वेबसाइट के QR कोड वाली स्टैंडी लगाई जाएगी। युवाओं के लिए प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के कटआउट वाला सेल्फी जोन भी बनाया जाएगा। कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर #YuvaUdaanCG का उपयोग किया जाएगा।
युवाओं की ऊर्जा से बनेगा विकसित छत्तीसगढ़
कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन को बैठक व्यवस्था, ध्वनि एवं विद्युत व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता और सुरक्षा सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही युवाओं की अधिकतम एवं सार्थक भागीदारी पर विशेष जोर दिया गया है।
‘युवा उड़ान 2026’ को केवल एक आयोजन के रूप में नहीं, बल्कि प्रदेश के युवाओं के विचारों, सपनों, प्रतिभा और सुझावों को विकास की नीति से जोड़ने वाली महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है। युवाओं की ऊर्जा, नवाचार और सक्रिय सहभागिता के माध्यम से विकसित भारत के साथ-साथ विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण को नई दिशा और गति देने का प्रयास इस कार्यक्रम के जरिए किया जाएगा।




पाठकों की टिप्पणियां 0