नदीम खान सूरजपुर
सूरजपुर/23 जुलाई 2026/ कलेक्टर श्रीमती रेना जमील के निर्देश के अनुपालन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. के. डी. पैकरा के मार्गदर्शन में तनाव प्रबंधन एवं आत्महत्या रोकथाम कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य सुरक्षा बल के जवानों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना, कार्यस्थल के तनाव से प्रभावी ढंग से निपटने के उपाय बताना तथा आत्महत्या की रोकथाम हेतु समय रहते पहचान एवं सहायता प्राप्त करने के लिए प्रेरित करना था।
इसके साथ ही कार्यक्रम में जिला चिकित्सालय की मानसिक स्वास्थ्य की टीम से क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट श्री सचिन मातुरकर एवं साइकेट्रिक सोशल वर्कर प्रियंका मंडल ने जवानों को मानसिक तनाव के लक्षण, कारण एवं तनाव से उत्पन्न होने वाले शारीरिक एवं मानसिक प्रभाव को बताते हुए तनाव प्रबंधन हेतु सकारात्मक सोच, भावनात्मक संतुलन, प्रभावी संवाद, समस्या-समाधान कौशल तथा तनाव प्रबंधन की व्यावहारिक तकनीकों की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम की अगली कड़ी में आत्महत्या के चेतावनी संकेतों, जोखिम कारकों एवं समय पर परामर्श एवं उपचार के महत्व पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यशाला को अधिक प्रभावी एवं सहभागितापूर्ण बनाने के लिए गहरी श्वास, रिलैक्सेशन एक्सरसाइज, माइंडफुलनेस तथा समूह गतिविधियों का भी आयोजन किया गया, जिसमें जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इन अभ्यासों के माध्यम से उन्हें दैनिक जीवन एवं ड्यूटी के दौरान तनाव को नियंत्रित करने के सरल एवं प्रभावी उपाय सिखाए गए।
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सुरक्षा बलों के जवानों का मानसिक रूप से स्वस्थ एवं सशक्त होना उनकी कार्यक्षमता, अनुशासन तथा व्यक्तिगत जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों के नियमित आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम के अंत में जवानों ने मानसिक स्वास्थ्य संबंधी अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया तथा तनावमुक्त एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत भविष्य में भी समाज के विभिन्न वर्गों के लिए ऐसे जन-जागरूकता एवं क्षमता-विकास कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे। कार्यक्रम में 10वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सेना बल सेनानी सूरजपुर के असिस्टेंट कमांडेंट श्री सुधीर कुजूर, श्री बी. पी. सिंह, श्रीमती कविता ठाकुर, हेड कांस्टेबल श्री अशोक साहू एवं अन्य अधिकारी कर्मचारीगण उपस्थित थे।




पाठकों की टिप्पणियां 0