स्वामी आत्मानंद विद्यालय मनेन्द्रगढ़ से शुरू होकर आमाखेरवा मैदान में होगा समापन,
मनेंद्रगढ़ । स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में जिले में देशभक्ति, एकता और राष्ट्रीय गौरव की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 14 अगस्त 2026 को जिला स्तरीय स्वतंत्रता दौड़ का आयोजन किया जाएगा। स्वतंत्रता दौड़ का शुभारंभ प्रातः 7ः00 बजे स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय मनेन्द्रगढ़ से होगा। दौड़ निर्धारित मार्ग से होते हुए पीडब्ल्यूडी तिराहा पहुंचेगी और वहां से आगे बढ़ते हुए आमाखेरवा मैदान में इसका समापन होगा।
स्वतंत्रता दौड़ में जिले के अधिकारी-कर्मचारी सहित विभिन्न वर्गों के नागरिकों के उत्साहपूर्वक शामिल होने की उम्मीद है। आयोजन का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नागरिकों में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, एकता एवं सामाजिक सहभागिता की भावना को और मजबूत करना है।
कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े के निर्देशानुसार जिले के सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों से अपील की गई है कि वे स्वतंत्रता दौड़ में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता सुनिश्चित करें और स्वतंत्रता पर्व के उत्साह एवं गरिमा को बढ़ाने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं। साथ ही आम नागरिकों, युवाओं एवं विद्यार्थियों से भी इस आयोजन में शामिल होकर राष्ट्रीय भावना के इस उत्सव का हिस्सा बनने का आह्वान किया गया है।
प्रतिभागियों से आग्रह किया गया है कि वे निर्धारित समय से कम से कम 30 मिनट पूर्व आयोजन स्थल पर पहुंचकर अपना पंजीयन सुनिश्चित करें, ताकि कार्यक्रम का संचालन निर्धारित समय पर सुचारू रूप से किया जा सके।
जिला प्रशासन ने स्वतंत्रता दौड़ को सफल एवं यादगार बनाने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। आयोजन के माध्यम से जिले में स्वतंत्रता दिवस के पूर्व देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का उत्साहपूर्ण वातावरण निर्मित किया जाएगा।



पाठकों की टिप्पणियां 0