चिरमिरी। खड़गवां विकासखंड में देशभक्ति और राष्ट्र गौरव की भावना से ओतप्रोत माहौल में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। स्वास्थ्य मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक श्याम बिहारी जायसवाल ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर करीब दो किलोमीटर तक पैदल यात्रा की और आम नागरिकों, विद्यार्थियों, जनप्रतिनिधियों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ यात्रा की अगुवाई की।
तिरंगा यात्रा की शुरुआत स्वामी आत्मानंद शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खड़गवां से हुई। यात्रा गजमरवा पारा और होंडा शोरूम होते हुए जनपद ग्राउंड पहुंची, जहां जनपद पंचायत कार्यालय के सामने इसका समापन हुआ। इसके बाद कार्यक्रम आमसभा में तब्दील हो गया।
हजारों लोगों ने लिया हिस्सा, भारत माता के जयकारों से गूंजा खड़गवां
तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी, स्कूली छात्र-छात्राएं, जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लिए बच्चों, युवाओं और नागरिकों की मौजूदगी से पूरा क्षेत्र देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। यात्रा के दौरान जगह-जगह स्थानीय नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर स्वास्थ्य मंत्री का स्वागत किया।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष चंपा देवी पावले, जिला महामंत्री द्वारिका प्रसाद जायसवाल, पूर्व एवं वर्तमान मंडल अध्यक्ष धनंजय पांडे और अरुणोदय पांडे सहित एसडीएम, तहसीलदार, जनपद पंचायत सीईओ, बीएमओ, प्रशासनिक अधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
छात्राओं को वितरित की गईं नि:शुल्क साइकिलें
जनपद ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने छात्राओं को नि:शुल्क साइकिलों का वितरण किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और दूर-दराज के क्षेत्रों से स्कूल आने वाली बेटियों के लिए साइकिल शिक्षा की राह को आसान बनाएगी। इससे छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा मिलेगी और उनकी पढ़ाई में निरंतरता बनी रहेगी।
उन्होंने कहा कि बेटियों की शिक्षा और सशक्तिकरण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं और अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
नन्हे बच्चों का कराया अन्नप्राशन संस्कार
कार्यक्रम के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में भी स्वास्थ्य मंत्री शामिल हुए। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और महिलाओं की मौजूदगी में उन्होंने नन्हे बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया। इस दौरान बच्चों और उनके परिजनों में उत्साह नजर आया।
‘हर घर तिरंगा’ से राष्ट्रभक्ति का संदेश
अपने संबोधन में स्वास्थ्य मंत्री ने तिरंगे के सम्मान, देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रीय ध्वज और राष्ट्र के प्रति सम्मान एवं गौरव की भावना से जोड़ना है।
उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता, त्याग, बलिदान और गौरव का प्रतीक है। प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र निर्माण में अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए देश के विकास में योगदान देना चाहिए।
राष्ट्र निर्माण में योगदान का दिलाया संकल्प
कार्यक्रम के अंत में स्वास्थ्य मंत्री ने उपस्थित लोगों को राष्ट्र की एकता एवं अखंडता बनाए रखने तथा राष्ट्र निर्माण और क्षेत्र के सर्वांगीण विकास में योगदान देने का संकल्प दिलाया।
खड़गवां में आयोजित तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी और उत्साह देखने को मिला। आयोजन ने राष्ट्रभक्ति के साथ सामाजिक सहभागिता और विकास का संदेश भी दिया।


पाठकों की टिप्पणियां 0