जशपुरनगर, 13 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जशपुरनगर में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और इतिहास की झलक एक साथ देखने को मिल रही है। जनसंपर्क विभाग द्वारा रणजीता स्टेडियम के समीप 13 से 15 अगस्त तक तीन दिवसीय विशेष छायाचित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। प्रदर्शनी में ‘हर घर तिरंगा’, राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ और ‘भारत विभाजन की विभीषिका-स्मरण दिवस’ की थीम के जरिए देश की स्वतंत्रता यात्रा और विभाजन की त्रासदी को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया है।
नगर पालिका अध्यक्ष श्री अरविंद भगत ने प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। इस अवसर पर पार्षदगण श्री विक्रांत सिंह, श्री रमाशंकर गुप्ता, श्री मुक्तेश्वर इंदवार और श्री देवधन नायक सहित छात्राओं एवं नागरिकों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
नगर पालिका अध्यक्ष श्री भगत ने कहा कि प्रदर्शनी स्वतंत्रता संग्राम के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान और राष्ट्रीय एकता के महत्व को समझने का महत्वपूर्ण अवसर देती है। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को देश के इतिहास और स्वतंत्रता आंदोलन के संघर्षों से परिचित कराने तथा देशभक्ति, राष्ट्रीय गौरव और सामाजिक सद्भाव की भावना मजबूत करने में ऐसी प्रदर्शनियों की अहम भूमिका है।
तस्वीरों में दिखी भारत की स्वतंत्रता यात्रा
प्रदर्शनी में भारत की स्वतंत्रता यात्रा, राष्ट्रीय ध्वज की महत्ता, राष्ट्रभक्ति की भावना और देश के गौरवशाली इतिहास से जुड़े महत्वपूर्ण प्रसंगों को छायाचित्रों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। इसके साथ ही वर्ष 1947 के भारत विभाजन के दौरान हुए विस्थापन, संघर्ष और मानवीय पीड़ा से जुड़े ऐतिहासिक प्रसंगों को भी दर्शाया गया है।
हर घर तिरंगा’ से राष्ट्रध्वज के सम्मान का संदेश
‘हर घर तिरंगा’ थीम के माध्यम से नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों में राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ तिरंगे की गरिमा, राष्ट्र के प्रति गौरव और देशभक्ति की भावना मजबूत करने का संदेश दिया जा रहा है। प्रदर्शनी में राष्ट्रीय ध्वज को देश की एकता और अखंडता के प्रतीक के रूप में भी प्रस्तुत किया गया है।
वंदे मातरम्’ ने जगाई राष्ट्रप्रेम की भावना
राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ की थीम में स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान इसके योगदान को प्रदर्शित किया गया है। बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय द्वारा रचित ‘वंदे मातरम्’ ने स्वतंत्रता आंदोलन के दौर में देशवासियों में मातृभूमि के प्रति प्रेम, त्याग और समर्पण की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
विभाजन की त्रासदी से शांति और सद्भाव का संदेश
‘भारत विभाजन की विभीषिका-स्मरण दिवस’ के अंतर्गत वर्ष 1947 की विभाजन त्रासदी से जुड़े घटनाक्रमों को छायाचित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है। विस्थापन, संघर्ष और पीड़ा की मार्मिक झलक के जरिए वर्तमान पीढ़ी को इतिहास से सीख लेने तथा शांति, भाईचारे, सामाजिक सद्भाव और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने का संदेश दिया जा रहा है।
छात्राओं ने देखी आजादी की गौरवगाथा

महारानी लक्ष्मीबाई शासकीय उच्चतर माध्यमिक आदर्श कन्या शाला की छात्राओं ने भी प्रदर्शनी का अवलोकन किया। छात्राओं ने कहा कि प्रदर्शनी ने उन्हें स्वतंत्रता संग्राम के महानायकों के योगदान और वर्ष 1947 के विभाजन के दौरान लोगों द्वारा झेली गई पीड़ा को समझने का अवसर दिया। उन्होंने प्रदर्शनी को ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायी और देशभक्ति की भावना जागृत करने वाला बताया।
इस दौरान नगर पालिका के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री योगेश्वर उपाध्याय, जनसंपर्क विभाग जशपुर की सहायक संचालक श्रीमती नूतन सिदार, सहायक जनसंपर्क अधिकारी श्री वी.के. रात्रे, सहायक सूचना अधिकारी श्री रविंद्र चौधरी, लिपिक श्री विनोद यादव सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।


पाठकों की टिप्पणियां 0