पटना पुलिस की कार्रवाई; खरीददार आरोपी सुजीत ताम्रकार से 10 लाख रुपये के मशीन पार्ट्स बरामद,
पटना/कोरिया। टीएमसी पाण्डोपारा, झिलमिली साइड के स्टोर में हुई करीब 50 लाख रुपये के मशीन पार्ट्स की चोरी के मामले में पटना पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी के सामान के खरीददार बताए जा रहे आरोपी सुजीत ताम्रकार (52 वर्ष), निवासी ग्राम पोंडी, पुलिस चौकी पोंडी को पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
पुलिस के अनुसार 22 अगस्त 2026 की रात करीब 1:34 बजे थाना पटना क्षेत्र के पाण्डोपारा स्थित टीएमसी कंपनी की झिलमिली साइड के स्टोर में चोरी की घटना हुई थी। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए चोरी के सामान की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज की।
पहले चार आरोपी गिरफ्तार, 40 लाख के पार्ट्स बरामद
पुलिस के मुताबिक मामले में 27 अगस्त 2026 को चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। उनकी निशानदेही और कार्रवाई के दौरान करीब 40 लाख रुपये कीमत के एसईसीएल मशीनों के महंगे पार्ट्स बरामद किए गए थे।
इसके बाद चोरी के शेष सामान और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच जारी रखी गई।
चोरी का सामान खरीदने वाले आरोपी तक पहुंची पुलिस
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पटना पुलिस ने 1 सितंबर 2026 को चोरी के सामान के खरीददार बताए जा रहे सुजीत ताम्रकार को तलब कर पूछताछ की।
पुलिस के अनुसार पूछताछ के बाद उसके द्वारा पेश किए गए करीब 10 लाख रुपये कीमत के मशीन पार्ट्स बरामद किए गए। इन पार्ट्स में तांबा, पीतल, कांसा सहित विभिन्न धातुओं से बने महंगे मशीन पार्ट्स शामिल बताए गए हैं।
बरामदगी के बाद पुलिस ने सुजीत ताम्रकार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
चोरी हुए सभी सामान की बरामदगी का दावा
पटना पुलिस के अनुसार अब तक की कार्रवाई में चोरी हुए सभी सामान की बरामदगी कर ली गई है। मामले में पुलिस की जांच अभी जारी है और घटना में अन्य लोगों की संभावित संलिप्तता की भी पतासाजी की जा रही है।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त में और कौन-कौन लोग शामिल थे तथा चोरी की पूरी घटना में उनकी क्या भूमिका रही।
साइबर सेल की मदद से जांच में तेजी
पुलिस के अनुसार मामले के खुलासे में थाना पटना पुलिस के साथ साइबर सेल की तत्परता और समन्वित कार्रवाई महत्वपूर्ण रही। पुलिस टीम ने उपलब्ध तकनीकी साक्ष्यों और अन्य माध्यमों से जांच को आगे बढ़ाते हुए चोरी के सामान के खरीदार तक पहुंच बनाई।
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे भी जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक ने आमजन से की अपील
कोरिया पुलिस अधीक्षक हरिश राठौर ने आमजन से अपील की है कि अपराध और चोरी की घटनाओं की रोकथाम में पुलिस को आम नागरिकों से मिलने वाली सूचनाएं महत्वपूर्ण होती हैं।
उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधि अथवा चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
पुलिस ने कहा है कि चोरी और चोरी के माल की खरीद-फरोख्त में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ लगातार वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
अब शेष संदिग्धों की तलाश
इस मामले में पुलिस की कार्रवाई अभी समाप्त नहीं हुई है। पुलिस के अनुसार प्रकरण में संलिप्त अन्य संभावित आरोपियों की पतासाजी जारी है। अब जांच का अगला फोकस चोरी की पूरी साजिश, सामान की खरीद-फरोख्त की कड़ी और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका पर रहेगा।




पाठकों की टिप्पणियां 0