खनिज माफियाओं पर प्रशासन का शिकंजा: बिना पास गिट्टी ढो रहे 3 ट्रेलर जब्त, प्रेमनगर में बड़ी कार्रवाई
नदीम खान सूरजपुर
सूरजपुर। जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन का अभियान लगातार जारी है। कलेक्टर श्रीमती रेना जमील के निर्देश पर खनिज विभाग और जिला स्तरीय टास्कफोर्स ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बिना वैध अभिवहन पास के चूना पत्थर गिट्टी का परिवहन कर रहे तीन ट्रेलर वाहनों को जब्त किया है।
जानकारी के अनुसार 11 जून को खनिज अमला सूरजपुर द्वारा तहसील प्रेमनगर अंतर्गत तारा मुख्य मार्ग पर खनिज वाहनों की जांच की जा रही थी। इस दौरान चूना पत्थर गिट्टी से लदे तीन ट्रेलर वाहन संदिग्ध पाए गए। जांच में पता चला कि उक्त वाहन जिला जांजगीर-चांपा स्थित एक क्रशर से लोड होकर आ रहे थे, लेकिन उनके पास खनिज परिवहन के लिए आवश्यक अभिवहन पास उपलब्ध नहीं था।
खनिज विभाग ने इसे खनिज नियमों का उल्लंघन मानते हुए वाहन मालिकों के खिलाफ अवैध परिवहन का प्रकरण दर्ज किया है। जब्त किए गए तीनों ट्रेलरों को आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए पुलिस थाना प्रेमनगर की अभिरक्षा में रखा गया है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। खनिज अमला एवं जिला स्तरीय टास्कफोर्स प्रभावित क्षेत्रों में नियमित जांच और निगरानी कर रही है ताकि प्राकृतिक संसाधनों के अवैध दोहन पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
कलेक्टर श्रीमती रेना जमील ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अवैध खनिज गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। प्रशासन का कहना है कि भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
जिले में की जा रही लगातार कार्रवाई को अवैध खनिज कारोबार पर अंकुश लगाने और राजस्व हानि रोकने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



पाठकों की टिप्पणियां 0