LIVEभारत और दुनिया की हर बड़ी खबर
17 Oct 2026
ब्रेकिंग

सूरजपुर में नाहर सिंह हत्याकांड का खुलासा, पत्नी-बेटी को परेशान करने से नाराज बालगोविन्द ने टांगी से की हत्या

सूरजपुर में नाहर सिंह हत्याकांड का खुलासा, पत्नी-बेटी को परेशान करने से नाराज बालगोविन्द ने टांगी से की हत्या
सूरजपुर में नाहर सिंह हत्याकांड का खुलासा, पत्नी-बेटी को परेशान करने से नाराज बालगोविन्द ने टांगी से की हत्या। फोटो: आज का दिन न्यूज़

सूरजपुर में नाहर सिंह हत्याकांड का खुलासा, पत्नी-बेटी को परेशान करने से नाराज बालगोविन्द ने टांगी से की हत्या

नदीम खान सूरजपुर

पुलिस जांच में सामने आया मामला, हत्या के बाद आरोपी ने फांसी लगाकर की आत्महत्या; घटना में प्रयुक्त टांगी पुलिस ने की जब्त

सूरजपुर। जिले के ग्राम सोनपुर बरपारा में नाहर सिंह की हत्या के मामले में पुलिस ने जांच के आधार पर घटना का खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, मृतक नाहर सिंह द्वारा आरोपी बालगोविन्द सिंह के परिवार को कथित रूप से परेशान किए जाने से वह नाराज था। इसी रंजिश में बालगोविन्द ने टांगी से नाहर सिंह के सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी ने भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त टांगी जब्त कर ली है।

खेत के पास नाले में मिला था नाहर सिंह का शव

पुलिस के मुताबिक, 12 अक्टूबर 2026 को ग्राम सोनपुर बरपारा निवासी जयलाल सिंह ने बसदेई चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनका पुत्र नाहर सिंह 10 अक्टूबर की रात से लापता था। 12 अक्टूबर की सुबह ग्रामीणों ने उसका शव खेत के पास नाले के पानी में पड़े होने की जानकारी दी। शव के सिर पर चोट के निशान थे।

रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 760/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

आरोपी की आत्महत्या के बाद जांच में मिला सुराग

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सूरजपुर योगेश कुमार पटेल के निर्देश पर अज्ञात आरोपी की तलाश के लिए टीम गठित की गई। इसी दौरान 14 अक्टूबर को ग्राम सोनपुर निवासी बालगोविन्द सिंह का शव उसके खेत के पास एक पेड़ पर फांसी से लटका मिला।

17 अक्टूबर को ग्रामीणों से पूछताछ और बालगोविन्द के परिजनों के बयान के आधार पर पुलिस को मामले में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। पुलिस के अनुसार, बालगोविन्द की पत्नी और बेटी ने बताया कि नाहर सिंह उन्हें परेशान करता था और इस बात को लेकर बालगोविन्द पहले भी नाराजगी जताता था।

टांगी लेकर घर से निकला था बालगोविन्द

पुलिस जांच में सामने आया कि 10 अक्टूबर की रात नाहर सिंह और बालगोविन्द घर के पास बैठे बातचीत कर रहे थे। कुछ देर बाद नाहर सिंह अपने घर चला गया। इसके बाद बालगोविन्द टांगी लेकर घर से निकला और करीब एक घंटे बाद वापस लौटा। अगले दिन वह देर से उठा और गुमसुम रहने लगा।

पुलिस के मुताबिक, 12 अक्टूबर को नाहर सिंह का शव मिलने के बाद बालगोविन्द भी घटनास्थल पर गया था। बाद में उसने अपनी पत्नी को बताया कि उसने नाहर सिंह की हत्या कर दी है और अब परिवार को कोई परेशान नहीं करेगा। इसके बाद वह उपचार कराने जाने की बात कहकर घर से निकला था। दो दिन बाद उसका शव फांसी पर लटका मिला।

नाहर सिंह के भाई तान सिंह ने भी पुलिस को बताया कि कुछ दिन पहले बालगोविन्द ने नाहर सिंह द्वारा परेशान किए जाने की बात कही थी।

पुलिस ने जब्त की वारदात में प्रयुक्त टांगी

पुलिस की विवेचना के अनुसार, नाहर सिंह की हत्या बालगोविन्द सिंह ने टांगी से सिर पर वार कर की थी। आरोपी की मृत्यु हो जाने के कारण मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई पुलिस जांच के अनुसार की जाएगी। घटना में प्रयुक्त टांगी जब्त कर ली गई है।

इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन और सीएसपी बेनार्ड कुजूर के मार्गदर्शन में निरीक्षक रूपेश कुंतल, बसदेई चौकी प्रभारी रघुवंश सिंह, एएसआई वरुण तिवारी, अमरेश सिंह तथा आरक्षक महेंद्र सिंह, निलेश जायसवाल, देवदत्त दुबे, महिला आरक्षक पूजन सिंह और सैनिक अनिल विश्वकर्मा की भूमिका रही।

पुलिस के अनुसार, परिजनों के बयान और विवेचना में सामने आए तथ्यों के आधार पर हत्या की घटना का खुलासा किया गया है।

यह खबर कैसी लगी?

शेयर करें

Admin

Admin

पाठकों की टिप्पणियां 0