LIVEभारत और दुनिया की हर बड़ी खबर
07 Sep 2026
ब्रेकिंग

सरगुजा में सौर ऊर्जा से बढ़ रही आत्मनिर्भरता, आलम साय का बिजली बिल हुआ शून्य

सरगुजा में सौर ऊर्जा से बढ़ रही आत्मनिर्भरता, आलम साय का बिजली बिल हुआ शून्य
सरगुजा में सौर ऊर्जा से बढ़ रही आत्मनिर्भरता, आलम साय का बिजली बिल हुआ शून्य। फोटो: आज का दिन न्यूज़

साढ़े तीन माह में ग्रिड को दी 850 यूनिट अतिरिक्त बिजली, 1.08 लाख रुपये की डबल सब्सिडी से मिली बड़ी राहत

रायपुर, 07 सितंबर 2026।

प्रधानमंत्री सूर्य घर-मुफ्त बिजली योजना सरगुजा जिले में परिवारों को बिजली खर्च से राहत देने के साथ ही उन्हें ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने का प्रभावी माध्यम बन रही है। रूफटॉप सोलर संयंत्रों से जहां घरों की बिजली जरूरत पूरी हो रही है, वहीं अतिरिक्त बिजली विद्युत ग्रिड में भी पहुंच रही है। अम्बिकापुर विकासखंड के ग्राम पंचायत आमदरहा निवासी श्री आलम साय रजवाड़े इसकी प्रेरणादायी मिसाल हैं।

बिजली उपभोक्ता से बने बिजली दाता

श्री आलम साय ने प्रधानमंत्री सूर्य घर-मुफ्त बिजली योजना के तहत अपने घर की छत पर सोलर संयंत्र स्थापित कराया। उन्होंने बताया कि संयंत्र लगने से पहले उनके घर का मासिक बिजली बिल करीब 1,500 से 2,000 रुपये तक आता था। सौर ऊर्जा का उपयोग शुरू होने के बाद पिछले करीब साढ़े तीन महीने से उनका बिजली बिल शून्य है।

श्री आलम साय ने कहा, “पहले मैं बिजली उपभोक्ता था, लेकिन अब बिजली दाता बन गया हूं।” उन्होंने बताया कि सोलर संयंत्र से पहले घर की बिजली जरूरत पूरी होती है और इसके बाद बचने वाली अतिरिक्त बिजली ग्रिड में चली जाती है।

साढ़े तीन माह में ग्रिड को दी 850 यूनिट अतिरिक्त बिजली

श्री आलम साय के अनुसार उनके घर में लगे सोलर संयंत्र से घरेलू खपत के बाद भी अतिरिक्त बिजली का उत्पादन हो रहा है। करीब साढ़े तीन महीने में 850 यूनिट अतिरिक्त बिजली विद्युत ग्रिड को दी जा चुकी है। इस तरह उनका परिवार बिजली की जरूरत पूरी करने के साथ ऊर्जा उत्पादन में भी योगदान दे रहा है।

1.08 लाख रुपये की डबल सब्सिडी से कम हुआ आर्थिक भार

सोलर संयंत्र स्थापित करने के लिए श्री आलम साय को केंद्र सरकार की ओर से 78 हजार रुपये और राज्य सरकार की ओर से 30 हजार रुपये की सहायता मिली। इस तरह उन्हें कुल 1 लाख 8 हजार रुपये की सब्सिडी प्राप्त हुई, जिससे संयंत्र स्थापित करने का आर्थिक भार काफी कम हो गया।

उन्होंने बताया कि योजना के तहत आवेदन से लेकर संयंत्र स्थापना तक की प्रक्रिया सुविधाजनक रही। योजना से मिले लाभ से उत्साहित श्री आलम साय ने अन्य पात्र बिजली उपभोक्ताओं से भी प्रधानमंत्री सूर्य घर-मुफ्त बिजली योजना का लाभ लेने की अपील की।

“बिजली बिल से मिली राहत, योजना से बहुत खुश हूं”

श्री आलम साय ने कहा, “मेरा बिजली बिल लगभग साढ़े तीन महीने से शून्य है। योजना का मुझे बहुत फायदा मिला है और मैं इससे बहुत खुश हूं।” उन्होंने आम परिवारों को सौर ऊर्जा से जोड़ने तथा आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।

लक्ष्य के करीब पहुंचा सरगुजा, 1,733 घरों में लगे रूफटॉप सोलर संयंत्र

विभागीय जानकारी के अनुसार सरगुजा जिले में शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों को मिलाकर कुल 2,000 सोलर संयंत्र स्थापित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके विरुद्ध अब तक 1,733 घरों में रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं। इनमें शहरी क्षेत्र के 1,360 और ग्रामीण क्षेत्र के 373 संयंत्र शामिल हैं।

प्रधानमंत्री सूर्य घर-मुफ्त बिजली योजना के माध्यम से सरगुजा में घरों की छतें अब ऊर्जा उत्पादन का केंद्र बन रही हैं। इससे परिवारों के बिजली खर्च में कमी आने के साथ स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा मिल रहा है और जिले की ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में भागीदारी भी मजबूत हो रही है।

यह खबर कैसी लगी?

शेयर करें

Admin

Admin

पाठकों की टिप्पणियां 0