चिरमिरी। जश्ने ईद मिलादुन्नबी के मुबारक अवसर पर फातिमा शेख फाउंडेशन, चिरमिरी की ओर से समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वाले वरिष्ठजनों, मेधावी विद्यार्थियों और शिक्षा के क्षेत्र में उपलब्धि हासिल करने वाली प्रतिभाओं के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। फाउंडेशन की ओर से हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी 12 रबी अव्वल के अवसर पर यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।
समारोह में चिरमिरी की बेटी उबरा सिद्दीकी के चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) की परीक्षा उत्तीर्ण कर उपलब्धि हासिल करने पर विशेष रूप से सम्मान किया गया। उनकी इस सफलता पर उनके परिवार का भी इस्तकबाल किया गया। इसके अलावा कक्षा 10वीं और 12वीं में 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले समाज के 17 मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका हौसला बढ़ाया गया।
कार्यक्रम के दौरान शहर की विभिन्न अंजुमन कमेटियों के पेशइमाम, सदर और सेक्रेटरी का भी गुलपोशी एवं शाल भेंट कर सम्मान किया गया। मस्जिदों की साज-सज्जा, व्यवस्था और आयोजन में सहयोग देने वाली अंजुमन कमेटियों को भी सम्मानित किया गया।
शिक्षा के बिना समाज का विकास संभव नहीं : मोहम्मद वाहिद
फाउंडेशन के संरक्षक मोहम्मद वाहिद ने कहा कि किसी भी समाज का विकास शिक्षा के बिना संभव नहीं है। उन्होंने बताया कि फातिमा शेख फाउंडेशन की स्थापना चार वर्ष पूर्व समाज के होनहार बच्चों को प्रोत्साहित करने और शिक्षा व सेवा के संदेश को घर-घर तक पहुंचाने के उद्देश्य से की गई थी।
उन्होंने कहा कि फाउंडेशन का उद्देश्य केवल स्कूली शिक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को सम्मानित करना नहीं, बल्कि दीनी तालीम के साथ-साथ NEET, JEE, IIT, CA जैसे प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल करने वाले युवाओं को भी प्रोत्साहित करना है। इसके अलावा आलिम, हाफिज, कारी, आदिब, माहिर सहित विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धि हासिल करने वाले विद्यार्थियों तथा पॉलिटेक्निक में चयनित प्रतिभाओं को भी सम्मानित किया जाता है।
मोहम्मद वाहिद ने फातिमा शेख के शिक्षा के क्षेत्र में योगदान को याद करते हुए कहा कि 19वीं सदी से पहले जब महिलाओं को शिक्षा से दूर रखा जाता था, उस दौर में फातिमा शेख ने ज्योतिबा फुले और सावित्रीबाई फुले के साथ मिलकर महिलाओं की शिक्षा को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसी विचार और प्रेरणा को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से फाउंडेशन लगातार कार्य कर रहा है।
चार वर्षों से जारी है सम्मान की परंपरा
फाउंडेशन द्वारा पिछले चार वर्षों से चिरमिरी शहर के अलग-अलग अंजुमन क्षेत्रों में सम्मान समारोह आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य समाज के बच्चों में शिक्षा के प्रति रुचि पैदा करना, प्रतिभाओं को पहचान देना और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना है।
इस अवसर पर फाउंडेशन के संस्थापक शेख इस्माइल, संरक्षक शकील अहमद, हबीब खान, फैजुल्ला, अध्यक्ष बिलाल अंसारी, सेक्रेटरी अख्तर अली, खजांची अफरोज खान, कौशाद खान, शाहिद एवं इमरान खान सहित पोंडी अंजुमन के सदर, सेक्रेटरी और सभी सदस्यों का विशेष सहयोग रहा।




पाठकों की टिप्पणियां 0