चिरमिरी । शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डोमनहिल में सत्र 2026-27 के लिए अर्थशास्त्र क्लब की प्रथम बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्लब की आगामी गतिविधियों की रूपरेखा तैयार करने के साथ ही अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव एवं सहसचिव का सर्वसम्मति से चुनाव किया गया।
क्लब संरक्षक व संस्था प्राचार्य श्रीमती रजनी सालोमन के मार्गदर्शन तथा क्लब प्रभारी सह व्याख्याता के. प्रफुल्ल रेड्डी के नेतृत्व में प्रथम आयोजित बैठक में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। सर्वसम्मति से चुने गए पदाधिकारियों को क्लब के उद्देश्यों के अनुरूप कार्य करने तथा अधिक से अधिक विद्यार्थियों को शैक्षणिक गतिविधियों से जोड़ने की जिम्मेदारी दी गई।
बैठक में सत्रभर आयोजित की जाने वाली गतिविधियों की विस्तृत रूपरेखा पर चर्चा की गई। इसके अंतर्गत पाठ्यक्रम आधारित वाद- विवाद प्रतियोगिता, तात्कालिक भाषण, बैंक भ्रमण तथा अर्थशास्त्र क्लब की पत्रिका का विमोचन प्रमुख रूप से शामिल हैं। 
इन गतिविधियों का उद्देश्य विद्यार्थियों में आर्थिक विषयों की व्यावहारिक समझ विकसित करने के साथ-साथ तार्किक चिंतन, अभिव्यक्ति कौशल, नेतृत्व क्षमता एवं निर्णय लेने की क्षमता को बढ़ावा देना है।
प्राचार्य सह क्लब संरक्षक श्रीमती रजनी सालोमन ने क्लब की गतिविधियों के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी से क्लब को एक सशक्त शैक्षणिक मंच के रूप में विकसित किया जाएगा।
क्लब प्रभारी के. प्रफुल्ल रेड्डी ने कहा कि अर्थशास्त्र को केवल पाठ्यपुस्तक तक सीमित न रखकर विद्यार्थियों को उसके व्यावहारिक पक्ष से जोड़ना क्लब का प्रमुख उद्देश्य है। बैंक भ्रमण जैसी गतिविधियों से विद्यार्थी बैंकिंग व्यवस्था को प्रत्यक्ष रूप से समझ सकेंगे, वहीं वाद- विवाद एवं तात्कालिक भाषण से उनकी अभिव्यक्ति क्षमता विकसित होगी।
श्री रेड्डी ने आगे जानकारी देते हुए बताया कि क्लब का इकाई गठन प्राचार्य श्रीमती रजनी सालोमन की अध्यक्षता में संपन्न हुआ ।जिसमें सर्व सहमति से अध्यक्ष कु .सालेहा खातून, उपाध्यक्ष कु. काजल दास, सचिव द्वय आशीष कुमार व अमन कुमार, सह सचिव द्वय कु. आंचल व कु. तन्नू निर्वाचित हुए।



पाठकों की टिप्पणियां 0