LIVEभारत और दुनिया की हर बड़ी खबर
11 Sep 2026
ब्रेकिंग

सेवा संकल्प अभियान में उमड़ी मरीजों की भीड़, 296 लोगों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण,

सेवा संकल्प अभियान में उमड़ी मरीजों की भीड़, 296 लोगों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण,
सेवा संकल्प अभियान में उमड़ी मरीजों की भीड़, 296 लोगों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण,। फोटो: आज का दिन न्यूज़

हल्दीबाड़ी के शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में लगा वृहद स्वास्थ्य शिविर, विशेषज्ञ चिकित्सकों ने की जांच और दिया उपचार परामर्श,

चिरमिरी। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच आम लोगों तक बढ़ाने के उद्देश्य से संचालित सशक्त MCB सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत 9 सितंबर 2026 को विकासखंड खड़गवां के शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हल्दीबाड़ी परिसर में वृहद स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया।

शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने मरीजों की जांच की, आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया तथा जरूरत के अनुसार दवाइयों का वितरण किया। कुल 296 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।

अलग-अलग रोगों के मरीजों की विशेषज्ञों ने की जांच

शिविर में विभिन्न चिकित्सा विभागों के विशेषज्ञों ने मरीजों की जांच की। मेडिसिन विभाग में 28, चर्म रोग विभाग में 14, हड्डी रोग विभाग में 27, नेत्र रोग विभाग में 7, नाक-कान-गला विभाग में 12 तथा स्त्री रोग विभाग में 11 मरीजों का परीक्षण किया गया।

इसके अलावा सर्दी, खांसी और बुखार से संबंधित 108 मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय सलाह एवं उपचार उपलब्ध कराया गया।

84 लोगों की बनी ABHA ID

स्वास्थ्य शिविर के दौरान लोगों को डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने की दिशा में भी पहल की गई। 84 लोगों की ABHA ID बनाई गई। इससे लाभार्थियों को अपने स्वास्थ्य संबंधी रिकॉर्ड को डिजिटल रूप से सुरक्षित रखने और भविष्य में स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने में सुविधा होगी।

वरिष्ठ अधिकारियों ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा

शिविर का जिला एवं विकासखंड स्तर के स्वास्थ्य अधिकारियों ने निरीक्षण किया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एमसीबी डॉ. अविनाश खरे, जिला कार्यक्रम प्रबंधक शिशिर जायसवाल, खड़गवां के खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनीष प्रताप सिंह, जिला अस्पताल के सिविल सर्जन सह अस्पताल अधीक्षक डॉ. राजेंद्र रॉय, विकासखंड कार्यक्रम प्रबंधक राज कुमार राजवाड़े तथा प्रभारी चिकित्सा अधिकारी इस्तियाक अंसारी सहित स्वास्थ्य विभाग और सेवा संकल्प अभियान से जुड़े अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

अधिकारियों ने शिविर की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। अस्पताल के समस्त कर्मचारियों और सेवा संकल्प अभियान से जुड़े विकासखंड स्तरीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने शिविर के सफल संचालन में सक्रिय भूमिका निभाई।

दूरस्थ क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने पर जोर

सशक्त MCB सेवा संकल्प अभियान 2026 के माध्यम से जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने, लोगों की समय पर जांच करने तथा आवश्यक उपचार और दवाइयां उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।

हल्दीबाड़ी में आयोजित यह स्वास्थ्य शिविर भी इसी अभियान की महत्वपूर्ण कड़ी रहा, जहां एक ही स्थान पर विभिन्न रोगों के मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकों से जांच, परामर्श और उपचार की सुविधा मिली।

यह खबर कैसी लगी?

शेयर करें

Admin

Admin

पाठकों की टिप्पणियां 0