सुदूर ग्रामीणों को एक ही स्थान पर मिली विशेषज्ञ चिकित्सकों की निःशुल्क सेवाएं, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की पहल की ग्रामीणों ने की सराहना
मनेंद्रगढ़। जिला मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में संचालित ‘सशक्त एम.सी.बी. सेवा संकल्प अभियान 2026’ के तहत 7 सितंबर 2026 को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र केल्हारी में वृहद निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के ग्रामीणों की बड़ी संख्या में मौजूदगी रही और कुल 795 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार किया गया।
शिविर का शुभारंभ जनपद उपाध्यक्ष श्रीमती ज्योति गुप्ता एवं केल्हारी सरपंच श्रीमती आशा ने भारत माता एवं छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर किया। ‘हर गांव, हर घर-हर व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाएं’ पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित शिविर में सुबह से ही मरीजों और ग्रामीणों की भीड़ जुटने लगी थी।
विशेषज्ञ डॉक्टरों ने की मरीजों की जांच
शिविर में सिविल अस्पताल मनेंद्रगढ़ एवं जनकपुर से विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों ने पहुंचकर मरीजों की जांच की और आवश्यक परामर्श दिया। इनमें डॉ. राकेश कुमार सिंह (मेडिसिन), डॉ. शौभाग्य शरण सिंह (शिशु रोग), डॉ. अभया गुप्ता (स्त्री एवं प्रसूति रोग), डॉ. राहुल मेहता (चर्म रोग), डॉ. इंतजार ओरके (अस्थि रोग), डॉ. आलेख सिदार (ईएनटी), डॉ. भाषिता साहू (नेत्र रोग), आर.डी. दीवान (नेत्र सहायक), डॉ. देवप्रताप (दंत रोग) और विक्की अल्फ टोप्पो (फिजियोथेरेपिस्ट) शामिल रहे।
ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे मरीजों को एक ही स्थान पर विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं मिलने से उन्हें दूर-दराज के अस्पतालों के चक्कर लगाने से राहत मिली।
शिविर में मिलीं कई स्वास्थ्य सुविधाएं
स्वास्थ्य शिविर में मरीजों के लिए पंजीयन, दवा वितरण, एनसीडी जांच, आयुष्मान कार्ड, टीबी स्क्रीनिंग, ओआरएस काउंटर, डिजिटल एक्स-रे, आभा कार्ड तथा अत्याधुनिक लैब जांच जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।
विभागीय निर्देशों के अनुरूप विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मचारियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए खंड चिकित्सा अधिकारी मनेंद्रगढ़ डॉ. एस.एस. सिंह के नेतृत्व में शिविर की व्यवस्थाएं की गईं।
स्वास्थ्य मंत्री और स्वास्थ्य विभाग की पहल की सराहना
शिविर में पहुंचे ग्रामीणों ने सुदूर क्षेत्रों तक विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, भरतपुर-सोनहत विधायक श्रीमती रेणुका सिंह एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे के प्रयासों की सराहना की।
ग्रामीणों ने कहा कि इस तरह के शिविरों से दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को अपने ही क्षेत्र में विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श और निःशुल्क उपचार की सुविधा मिल रही है।
टीम के समन्वित प्रयास से सफल हुआ शिविर
शिविर प्रभारी डॉ. महेश सिंह के नेतृत्व में चिकित्सकीय दल ने मरीजों को सेवाएं प्रदान कीं। शिविर को सफल बनाने में जिला कार्यक्रम प्रबंधक शिशिर जायसवाल, सहायक नोडल अधिकारी सुलेमान खान, डॉ. मंसूर आलम, BETO प्रमेन्द्र सिंह, संजीत सिंह, काशी प्रसाद, सुपरवाइजर आर.के. तिवारी सहित अन्य स्वास्थ्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग ने शिविर को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी चिकित्सकों, अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।




पाठकों की टिप्पणियां 0