नदीम खान | सूरजपुर
सूरजपुर, 13 अगस्त 2026। शासकीय नवीन कन्या महाविद्यालय सूरजपुर में पर्यावरण संरक्षण और हरित परिसर की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य श्री बृजलाल साहू के मार्गदर्शन में परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए। इस दौरान छात्राओं, प्राध्यापकों और उपस्थितजनों ने पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के आईक्यूएसी समन्वयक श्री संदीप कुमार सोनी, राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी सुश्री पुजांजली भगत, प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। सभी ने मिलकर महाविद्यालय परिसर को स्वच्छ, सुंदर और हरा-भरा बनाने की दिशा में पौधरोपण किया तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति निरंतर जागरूक रहने का संदेश दिया।
इस अवसर पर प्राचार्य श्री बृजलाल साहू ने कहा कि पौधरोपण महज औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और स्वस्थ पर्यावरण सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि आज लगाया गया एक पौधा भविष्य के लिए किया गया महत्वपूर्ण निवेश है। उन्होंने छात्राओं से रोपे गए पौधों की नियमित देखभाल करने और उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित रखने का आह्वान किया।
महाविद्यालय परिसर में आयोजित इस पहल के माध्यम से छात्राओं को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी का संदेश देने के साथ ही हरित एवं स्वच्छ परिसर के निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया।


पाठकों की टिप्पणियां 0