50 से अधिक कैमरों के फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों से हुई बोलेरो पिकअप की पहचान, झारखंड के गढ़वा जिले का आरोपी गिरफ्तार
बैकुंठपुर। कोरिया जिले के पटना थाना क्षेत्र में चार महिलाओं की मौत और कई लोगों के घायल होने के मामले में पुलिस ने फरार वाहन और उसके चालक की पहचान कर गिरफ्तारी की है। पुलिस के अनुसार, आधुनिक तकनीकी साक्ष्यों, डिजिटल सर्विलांस और 50 से अधिक शासकीय एवं निजी सीसीटीवी कैमरों के फुटेज के विश्लेषण से दुर्घटनाकारित बोलेरो पिकअप का पता लगाया गया। मामले में आरोपी की पहचान राजू कुमार गुप्ता, निवासी रमकंडा, जिला गढ़वा, झारखंड के रूप में हुई है।
करजी तालाब के पास ऑटो को मारी थी टक्कर
पुलिस के मुताबिक, 2 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 7.30 बजे ग्राम छिंदिया निवासी अमित सिंह अपने ऑटो में ग्राम बिलारो से तीज नहावन कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रही लगभग 14 से 15 महिलाओं को लेकर घर जा रहे थे। इसी दौरान ग्राम करजी तालाब के पास बैकुंठपुर की ओर से आ रहे एक बोलेरो पिकअप ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी।
आरोप है कि टक्कर के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। हादसे में ऑटो सवार कई महिलाएं गंभीर रूप से घायल हुईं। उन्हें जिला अस्पताल बैकुंठपुर पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान चंदमती सहित चार महिलाओं की मौत हो गई।
50 से अधिक CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा के मार्गदर्शन और पुलिस अधीक्षक कोरिया हरीश राठौर के निर्देशन में विशेष पुलिस एवं तकनीकी टीम गठित की गई।
पुलिस के अनुसार, जांच टीम ने घटनास्थल से बैकुंठपुर शहर, मुख्य मार्गों, प्रमुख तिराहों, टोल नाकों और संभावित निकास मार्गों पर लगे 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की। घटना के समय के आधार पर टाइमलाइन तैयार कर कई घंटों के वीडियो का बारीकी से विश्लेषण किया गया।
रात के अंधेरे और वाहन की तेज रफ्तार के कारण शुरुआती फुटेज में नंबर प्लेट स्पष्ट नहीं दिखाई दे रही थी। ऐसे में साइबर सेल और तकनीकी टीम ने वीडियो एनहांसमेंट टूल्स तथा फ्रेम-दर-फ्रेम विश्लेषण की मदद ली। पुलिस के मुताबिक, वाहन की बॉडी संरचना, लाइट पैटर्न और अन्य विशिष्ट निशानों का मिलान कर संदेही वाहन को चिन्हित किया गया।
झारखंड के गढ़वा जिले से जुड़ा आरोपी
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और उपलब्ध रिकॉर्ड के मिलान के आधार पर दुर्घटना में शामिल वाहन की पहचान बोलेरो पिकअप क्रमांक JH 03 AU 6791 के रूप में की। इसके बाद वाहन से संबंधित रिकॉर्ड और तकनीकी जानकारी के आधार पर चालक राजू कुमार गुप्ता की पहचान की गई। वह झारखंड के गढ़वा जिले के रमकंडा थाना क्षेत्र का निवासी बताया गया है।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की तकनीकी टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी आशा सेन एवं मोहसीन खान के नेतृत्व में पटना थाना प्रभारी प्रमोद पांडे सहित पुलिस और तकनीकी टीम के सदस्यों की भूमिका रही।
कार्रवाई में प्रशिक्षु उप निरीक्षक आकाश सुरपाम एवं सुंदरलाल नरेटी, सहायक उप निरीक्षक इंद्रजीत सिंह, संदीप साय एवं प्रदीप साहू, प्रधान आरक्षक सत्येंद्र तिवारी, आरक्षक अमल कुजूर, राजेश रगड़ा एवं सजल जायसवाल तथा सैनिक विकास सिंह, अमृतानंद, राघवेंद्र पुरी और शिवम सिन्हा शामिल रहे।
इस मामले में सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के उपयोग से फरार वाहन तक पहुंचने में पुलिस को सफलता मिली। चार महिलाओं की मौत से जुड़े इस गंभीर हादसे में आगे की कानूनी कार्रवाई के दौरान साक्ष्यों और जांच के निष्कर्षों के आधार पर प्रकरण की आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।




पाठकों की टिप्पणियां 0