उन्नत मक्का बीज और कृषि आदानों से शुभम दुबे की फसल उत्पादन एवं आय बढ़ने की उम्मीद
रायपुर, 11 अगस्त 2026
किसानों की आय बढ़ाने, खेती की लागत कम करने और फसल उत्पादन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कृषि विभाग द्वारा राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन के अंतर्गत किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज, उर्वरक, आवश्यक कृषि आदान एवं तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा रहा है। योजना के माध्यम से किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों से जोड़ते हुए बेहतर उत्पादन और आय वृद्धि के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसका सकारात्मक असर किसानों के खेतों में दिखाई देने लगा है।
सरगुजा जिले के अम्बिकापुर विकासखंड के ग्राम कृष्णापुर के कृषक शुभम दुबे भी इस योजना से लाभान्वित होकर मक्का की खेती कर रहे हैं। उन्होंने लगभग दो एकड़ भूमि में मक्का की फसल लगाई है। कृषि विभाग की ओर से उन्हें गुणवत्तापूर्ण मक्का बीज उपलब्ध कराया गया, जिसके उपयोग से खेत में पौधों का विकास बेहतर हुआ और फसल की स्थिति भी अच्छी बनी हुई है।
शुभम दुबे ने बताया कि बीज के साथ खाद उपलब्ध कराए जाने से फसल को आवश्यक पोषण मिला। इससे पौधों की बढ़वार अच्छी हुई और फसल की गुणवत्ता में भी सुधार देखने को मिला। इसके अलावा खरपतवार नियंत्रण के लिए कृषि विभाग द्वारा सुझाई गई दवा का उपयोग किया गया, जिससे खेत में अनावश्यक घास-फूस का प्रभावी नियंत्रण हुआ और मक्का की फसल को बेहतर विकास का अवसर मिला।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में उनके खेत में मक्का की फसल अच्छी स्थिति में है और फसल को देखकर वे काफी उत्साहित हैं। मक्का की फसल समय पर तैयार होने से उन्हें उपज को बेहतर समय पर बाजार में बेचने का अवसर मिलने की उम्मीद है। शुभम ने बताया कि इससे पहले वे अपने खेत में अन्य सब्जियों की खेती करते थे, लेकिन अपेक्षित उत्पादन और आय प्राप्त नहीं हो पाती थी। मक्का की खेती से उन्हें उत्पादन के साथ-साथ बेहतर आय मिलने की उम्मीद है।
कृषक शुभम दुबे ने कहा कि कृषि विभाग से मिले गुणवत्तापूर्ण बीज, खाद और तकनीकी मार्गदर्शन से उन्हें खेती में काफी सहयोग मिला है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मक्का की अच्छी फसल से उनकी आय में वृद्धि होगी तथा परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में मदद मिलेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं छत्तीसगढ़ शासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि किसानों को योजनाओं के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण बीज और आवश्यक कृषि आदान उपलब्ध कराए जाने से खेती को नई दिशा मिल रही है। कृषि विभाग के सहयोग से किसानों को बेहतर फसल उत्पादन के लिए आवश्यक संसाधन और तकनीकी जानकारी मिल रही है, जिससे खेती के प्रति उनका भरोसा और उत्साह बढ़ा है।
राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन के अंतर्गत किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज, उर्वरक एवं तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराकर फसल उत्पादन बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। योजना के माध्यम से किसानों को बेहतर उत्पादन क्षमता वाली फसलों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। शुभम दुबे की मक्का की फसल इसका उदाहरण है, जहां उन्नत बीज, पोषण प्रबंधन और खरपतवार नियंत्रण के समन्वित उपयोग से फसल की स्थिति बेहतर हुई है। इससे उत्पादन में वृद्धि के साथ किसान की आय बढ़ने की संभावनाएं भी मजबूत हुई हैं।

पाठकों की टिप्पणियां 0