LIVEभारत और दुनिया की हर बड़ी खबर
12 Oct 2026
ब्रेकिंग

रायपुर : पति के निधन के बाद भी नहीं टूटा अमृता का हौसला, सक्षम योजना से बनीं आत्मनिर्भर

रायपुर : पति के निधन के बाद भी नहीं टूटा अमृता का हौसला, सक्षम योजना से बनीं आत्मनिर्भर
रायपुर : पति के निधन के बाद भी नहीं टूटा अमृता का हौसला, सक्षम योजना से बनीं आत्मनिर्भर। फोटो: आज का दिन न्यूज़

एक लाख रुपये के ऋण से शुरू किया स्वरोजगार, दुकान और सिलाई से संवार रहीं बच्चों का भविष्य

रायपुर, 12 अक्टूबर 2026

पति के निधन के बाद परिवार और बच्चों की जिम्मेदारी संभालना श्रीमती अमृता प्रजापति के लिए बड़ी चुनौती थी। कठिन परिस्थितियों के बीच उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और सक्षम योजना से मिले एक लाख रुपये के ऋण की मदद से स्वरोजगार शुरू किया। आज दुकान और सिलाई के काम से वे परिवार की जरूरतें पूरी करने के साथ बच्चों की शिक्षा और बेहतर भविष्य के लिए प्रयास कर रही हैं। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत उनकी कहानी संघर्ष, संकल्प और आत्मनिर्भरता की प्रेरक मिसाल है।

सूरजपुर जिले के ग्राम केशवनगर निवासी श्रीमती अमृता प्रजापति बताती हैं कि वर्ष 2021 में उनके पति स्वर्गीय श्री संतोष प्रजापति का निधन हो गया था। जीवनसाथी को खोने के दुख के साथ ही बच्चों के पालन-पोषण, पढ़ाई और परिवार की आर्थिक जरूरतों की जिम्मेदारी भी उनके सामने थी। कुछ समय वे मायके में रहीं, लेकिन बच्चों का भविष्य बेहतर बनाने के लिए उन्होंने स्वयं कुछ करने का निश्चय किया।

मायके से लौटने के बाद उन्हें सक्षम योजना की जानकारी मिली। योजना के तहत आवेदन करने पर उन्हें एक लाख रुपये का ऋण प्राप्त हुआ। इस सहायता से उन्होंने दुकान के लिए जगह तैयार कर छोटा व्यवसाय शुरू किया। साथ ही सिलाई मशीन खरीदी और सिलाई का काम भी शुरू किया। दुकान से होने वाली आमदनी के साथ सिलाई से अतिरिक्त आय का साधन मिला।
आज श्रीमती अमृता अपने परिश्रम से परिवार की जिम्मेदारियां निभा रही हैं। स्वरोजगार से मिली आय बच्चों की पढ़ाई और घर की जरूरतों को पूरा करने में सहायक है। उनके लिए दुकान और सिलाई का काम केवल आजीविका का साधन नहीं, बल्कि आत्मविश्वास और आत्मसम्मान के साथ आगे बढ़ने का आधार बना है।

श्रीमती अमृता प्रजापति ने सक्षम योजना से मिले सहयोग के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उनका कहना है कि कठिन समय में मिला यह आर्थिक संबल उन्हें अपने पैरों पर खड़ा होने का अवसर दे सका। उनका सफर बताता है कि दृढ़ इच्छाशक्ति और सही सहयोग से चुनौतियों के बीच भी नई राह बनाई जा सकती है।

यह खबर कैसी लगी?

शेयर करें

Admin

Admin

पाठकों की टिप्पणियां 0