LIVEभारत और दुनिया की हर बड़ी खबर
29 Jun 2026
ब्रेकिंग

बस्तर में जनसेवा को मिलेगी नई गति: सोनू सूद और माँ मातंगी दिव्य धाम मिलकर बढ़ाएंगे सेवा अभियान

बस्तर में जनसेवा को मिलेगी नई गति: सोनू सूद और माँ मातंगी दिव्य धाम मिलकर बढ़ाएंगे सेवा अभियान
बस्तर में जनसेवा को मिलेगी नई गति: सोनू सूद और माँ मातंगी दिव्य धाम मिलकर बढ़ाएंगे सेवा अभियान। फोटो: आज का दिन न्यूज़

जामगांव/बस्तर। बस्तर क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य और जनकल्याण के कार्यों को नई दिशा देने की पहल के तहत प्रसिद्ध बॉलीवुड अभिनेता एवं समाजसेवी सोनू सूद और माँ मातंगी दिव्य धाम, जामगांव के पूज्य पीठाधीश्वर डॉ. प्रेमासाई महाराज के बीच आत्मीय भेंट एवं सार्थक संवाद हुआ। इस दौरान समाजसेवा, शिक्षा, स्वास्थ्य, गौसंरक्षण तथा विशेष रूप से बस्तर के जरूरतमंद लोगों के कल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

डॉ. प्रेमासाई महाराज ने सोनू सूद का छत्तीसगढ़ की पावन धरा पर स्वागत करते हुए उन्हें आशीर्वाद प्रदान किया। साथ ही माँ मातंगी दिव्य धाम में आयोजित होने वाले माँ कोत्रवै प्रतिमा स्थापना एवं प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव में शामिल होकर माता का आशीर्वाद ग्रहण करने का स्नेहपूर्ण आमंत्रण दिया, जिसे सोनू सूद ने सहर्ष स्वीकार किया।

बैठक के दौरान डॉ. प्रेमासाई महाराज ने सूद चैरिटी फाउंडेशन द्वारा देशभर में किए जा रहे मानव सेवा कार्यों की सराहना की। उन्होंने बताया कि माँ मातंगी दिव्य धाम के माध्यम से बस्तर सहित विभिन्न क्षेत्रों में जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा सहायता, अस्थमा रोगियों का निःशुल्क उपचार, आर्थिक सहयोग, गौसंरक्षण, आईटीबीपी के जवानों के लिए आध्यात्मिक मार्गदर्शन तथा अनेक जनकल्याणकारी गतिविधियाँ संचालित की जा रही हैं।

उन्होंने बताया कि जल्द ही धाम की ओर से माँ मातंगी शिक्षा रत्न सम्मान की शुरुआत की जाएगी। इसके साथ ही धाम में आने वाले बच्चों के लिए प्रतिदिन नैतिक शिक्षा एवं संस्कार की विशेष कक्षाएं प्रारंभ करने की योजना भी बनाई गई है, जिससे उनमें अनुशासन, सेवा भावना और सांस्कृतिक मूल्यों का विकास हो सके।

बैठक में बस्तर क्षेत्र में जनसेवा कार्यों के विस्तार को लेकर भी सकारात्मक चर्चा हुई। माँ मातंगी दिव्य धाम ने विश्वास व्यक्त किया कि सूद चैरिटी फाउंडेशन द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य, युवाओं, आदिवासी अंचलों और जरूरतमंद परिवारों के लिए संचालित अभियानों में हरसंभव सहयोग किया जाएगा, ताकि सेवा का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुँच सके।

सोनू सूद ने भी समाज के वंचित वर्गों के उत्थान के लिए अपने सेवा कार्यों को निरंतर जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि सेवा ही समाज को जोड़ने और जरूरतमंद लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का सबसे प्रभावी माध्यम है।

बैठक के अंत में दोनों पक्षों ने भविष्य में संयुक्त रूप से बस्तर सहित विभिन्न क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य और मानव कल्याण से जुड़े जनहितकारी अभियान संचालित करने की सहमति व्यक्त की, जिससे जरूरतमंद नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया जा सके।

यह खबर कैसी लगी?

शेयर करें

Admin
Admin

Admin

Admin
134 लेख

Admin ने अब तक 134 खबरें प्रकाशित की हैं। पूरी खबरें देखने के लिए प्रोफाइल खोलें।

पाठकों की टिप्पणियां 0