मनेंद्रगढ़। मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजना के तहत संचालित प्रयास आवासीय विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 9वीं में प्रवेश की चौथी काउंसलिंग 16 अक्टूबर को आयोजित की जाएगी। मेरिट सूची में चयनित पात्र विद्यार्थियों को निर्धारित समय पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।
नवा रायपुर में होगी काउंसलिंग
सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास कार्यालय मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर से मिली जानकारी के अनुसार काउंसलिंग सुबह 10:30 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। इसके लिए कार्यालय आयुक्त, आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास, इंद्रावती भवन, अटल नगर, नवा रायपुर के ब्लॉक-05, तृतीय तल स्थित हॉल नंबर-4 को केंद्र बनाया गया है।
ये दस्तावेज लाना जरूरी
काउंसलिंग में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को कक्षा 8वीं में प्रथम श्रेणी के साथ 60 प्रतिशत अंक प्राप्त करने की अंकसूची, नक्सल प्रभावित क्षेत्र संबंधी प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र और लागू होने पर विशेष पीड़ित जनजाति प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा। अल्पसंख्यक वर्ग के पात्र विद्यार्थियों को 10 रुपये के नॉन-ज्यूडिशियल स्टाम्प पेपर पर नोटरी से सत्यापित प्रमाण पत्र भी लाना होगा।
दिव्यांग विद्यार्थी, दिव्यांग माता-पिता के बच्चे, अनाथ, विधवा या परित्यक्त महिला के बच्चे तथा देश की रक्षा या कर्तव्य निर्वहन के दौरान शहीद हुए पुलिसकर्मियों, सुरक्षाबलों और सैनिकों के बच्चों को संबंधित विशेष श्रेणी का प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा।
प्रवेश के बाद भी जमा करने होंगे प्रमाण पत्र
काउंसलिंग के बाद प्रवेश के लिए पात्र पाए जाने वाले विद्यार्थियों को दो कार्यदिवस के भीतर जिला शिक्षा अधिकारी के हस्ताक्षर वाला स्थानांतरण प्रमाण पत्र (टीसी) और जिला चिकित्सा अधिकारी द्वारा जारी सिकलसेल जांच प्रमाण पत्र जमा करना होगा। विभाग ने बताया है कि रिक्त सीटों की संख्या में बदलाव संभव है।
वेबसाइट पर उपलब्ध है मेरिट सूची
प्रवेश से संबंधित जानकारी और मेरिट सूची विभागीय वेबसाइट https://eklavya.cg.nic.in/ पर देखी जा सकती है। पात्र विद्यार्थियों को सलाह दी गई है कि वे सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित समय पर काउंसलिंग स्थल पहुंचें।




पाठकों की टिप्पणियां 0