मनेंद्रगढ़ । मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजनांतर्गत संचालित प्रयास आवासीय विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 9 वीं में प्रवेश हेतु तृतीय काउंसलिंग की तिथियां घोषित कर दी गई हैं। परीक्षा परिणाम के बाद विभागीय वेबसाइट पर काउंसलिंग के लिए पात्र विद्यार्थियों की सूची, आवंटित विद्यालय और निर्धारित तिथियां प्रदर्शित की गई हैं।
पात्र विद्यार्थी आवश्यक मूल दस्तावेजों के साथ निर्धारित समय पर संबंधित काउंसलिंग स्थल में उपस्थित होकर प्रवेश प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं।
कक्षा 9 वीं में प्रवेश के लिए तृतीय काउंसलिंग 03 सितम्बर से 09 सितम्बर 2026 तक आयोजित होगी। काउंसलिंग संबंधित विद्यार्थी को आवंटित प्रयास आवासीय विद्यालय में होगी और इसका समय प्रातः 11 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित है।
विद्यार्थियों को वेबसाइट पर अपना नाम, विद्यालय और काउंसलिंग की तिथि देखकर निर्धारित समय पर उपस्थित होने की सलाह दी गई है।
प्रयास बालक/कन्या आवासीय विद्यालय, जिला बीजापुर में कक्षा 9 वीं प्रवेश के लिए भी 03 से 09 सितम्बर तक काउंसलिंग होगी। यदि इस अवधि के बाद सीटें रिक्त रहती हैं, तो प्रतीक्षा सूची के विद्यार्थियों के लिए 10 से 15 सितम्बर 2026 तक काउंसलिंग का अवसर रहेगा। यह काउंसलिंग प्रयास कन्या आवासीय विद्यालय, गुड़ियारी, जनता कॉलोनी, एफसीआई गोदाम के पास, रायपुर, जिला रायपुर में प्रातः 11 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित होगी।
जारी सूचना के अनुसार 04 से 06 सितम्बर तथा 12 से 15 सितम्बर 2026 तक शासकीय अवकाश के कारण काउंसलिंग आयोजित नहीं होगी। विद्यार्थियों को निर्धारित काउंसलिंग दिवस के अनुसार ही उपस्थित होना होगा।
काउंसलिंग के समय विद्यार्थियों को कक्षा 8 वीं में प्रथम श्रेणी अर्थात 60 प्रतिशत अंक से उत्तीर्ण अंकसूची, पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी चरित्र प्रमाण पत्र, 10 रुपये के नॉन-ज्यूडिशियल स्टाम्प पेपर पर नोटरी से सत्यापित संबंधित प्रमाण पत्र/शपथ पत्र, जाति प्रमाण पत्र तथा विशेष पिछड़ी जनजाति प्रमाण पत्र सहित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। विशेष श्रेणी के विद्यार्थियों को संबंधित श्रेणी का प्रमाण पत्र भी देना होगा।
विशेष श्रेणी में दिव्यांग विद्यार्थी, दिव्यांग माता-पिता के बच्चे, अनाथ बच्चे, विधवा माता के बच्चे, परित्यक्ता महिला के बच्चे तथा कर्तव्य निर्वहन के दौरान पुलिस, अर्द्धसैनिक बल, सशस्त्र बल अथवा शहीद सैनिक के बच्चे शामिल हैं। काउंसलिंग के बाद प्रवेश के लिए पात्र विद्यार्थियों को दो दिवस के भीतर जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा हस्ताक्षरित स्थानांतरण प्रमाण पत्र (टीसी) तथा जिला चिकित्सा अधिकारी द्वारा जारी सिकलसेल जांच प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।
विद्यार्थी एवं अभिभावक काउंसलिंग से संबंधित पात्रता सूची, विद्यालय, तिथि एवं अन्य जानकारी विभागीय वेबसाइट https://eklavya.cg.nic.in/ पर देख सकते हैं। पात्र एवं प्रतीक्षा सूची के विद्यार्थियों से अपील है कि वे सभी मूल दस्तावेजों के साथ निर्धारित तिथि, समय और स्थल पर उपस्थित होकर काउंसलिंग प्रक्रिया पूरी करें।



पाठकों की टिप्पणियां 0