आईक्यूएसी एवं एनएसएस के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में आईसीटी मास्टर ट्रेनर राजेंद्र कुमार सोनी ने विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी कौशल की दी जानकारी,
चिरमिरी। के. बी. पटेल महाविद्यालय, सरभोका (चिरमिरी) के आईक्यूएसी एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के संयुक्त तत्वावधान में "छात्रों के लिए महत्वपूर्ण तकनीकी कौशल" विषय पर एक दिवसीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, चिरमिरी के आईसीटी मास्टर ट्रेनर राजेंद्र कुमार सोनी रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। संगोष्ठी में विद्यार्थियों को डिजिटल युग की आवश्यक तकनीकी दक्षताओं से परिचित कराया गया। वक्ता ने डिजिटल साक्षरता, प्रोग्रामिंग की बुनियादी जानकारी, डेटा साक्षरता, क्लाउड कंप्यूटिंग, साइबर सुरक्षा जागरूकता, समस्या समाधान, आलोचनात्मक सोच तथा प्रभावी संचार कौशल जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं एवं अध्यापक प्रशिक्षुओं ने तकनीक से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञ द्वारा सकारात्मक एवं व्यावहारिक मार्गदर्शन किया गया। राजेंद्र कुमार सोनी ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में तकनीकी संसाधनों का अधिकतम उपयोग देश की शिक्षा गुणवत्ता को नई दिशा देगा। साथ ही उन्होंने डिजिटल अपराधों के प्रति स्वयं जागरूक रहने और समाज को भी जागरूक करने की आवश्यकता पर बल दिया।
समापन अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्य श्रीमती मंजूलता कश्यप ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा, "आज छात्रों को सही तकनीकी कौशल से दक्ष बनाना, उन्हें भविष्य का सक्षम नेतृत्व प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।"
इस अवसर पर महाविद्यालय के डायरेक्टर विश्वजीत बारीक, प्रशासक डॉ. डी. के. उपाध्याय, समस्त सहायक प्राध्यापक, कार्यालयीन कर्मचारी, बी.एड. के छात्र-छात्राएं तथा राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक एवं स्वयंसेविकाएं उपस्थित रहे।




पाठकों की टिप्पणियां 0