साधु राम विद्या मंदिर में तीन दिवसीय प्रतियोगिता शुरू, उद्घाटन मुकाबले में रिवरडेल वर्ल्ड स्कूल गोंदिया ने कोलंबिया ग्लोबल स्कूल रायपुर को पेनल्टी शूटआउट में 3-1 से हराया,
सूरजपुर। साधु राम विद्या मंदिर, सूरजपुर द्वारा आयोजित एमपावर इंटरस्कूल फुटबॉल टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ गुरुवार को विद्यालय परिसर में पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के मुख्य आतिथ्य में हुआ। उद्घाटन समारोह में खिलाड़ियों का परिचय, ध्वजारोहण, दीप प्रज्ज्वलन और अतिथियों के स्वागत के साथ प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया गया।
मुख्य अतिथि एसपी योगेश पटेल ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक और मानसिक विकास का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का भी सबसे सशक्त मंच हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से हार-जीत से ऊपर उठकर खेल भावना के साथ प्रदर्शन करने और सकारात्मक सोच के साथ जीवन में आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने अपने छात्र जीवन और यूपीएससी की तैयारी के अनुभव भी साझा किए।
कार्यक्रम में एमपावर के डायरेक्टर गोविंद मुदलियार, एचआर निधि, विद्यालय के डायरेक्टर डॉ. राहुल अग्रवाल, एसएमसी अध्यक्ष सुनील अग्रवाल, पूर्व पार्षद संजय डोसी, प्राचार्या खुशबू सिंह और उप-प्राचार्य दीन दयाल तिवारी सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। संचालन तुलेश्वर राजवाड़े, दीपक पटले और निदा फ़ाज़ली ने किया।
टूर्नामेंट के उद्घाटन मुकाबले में कोलंबिया ग्लोबल स्कूल, रायपुर और रिवरडेल वर्ल्ड स्कूल, गोंदिया के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया। निर्धारित समय तक स्कोर बराबर रहने के बाद मैच का फैसला पेनल्टी शूटआउट से हुआ, जिसमें रिवरडेल वर्ल्ड स्कूल, गोंदिया ने 3-1 से जीत दर्ज कर विजयी शुरुआत की।
तीन दिवसीय इस इंटरस्कूल फुटबॉल टूर्नामेंट का समापन एवं फाइनल मुकाबला 8 अगस्त को खेला जाएगा।



पाठकों की टिप्पणियां 0