नई सड़क बनने तक पुरानी सड़क चालू रखने की मांग, एसडीएम चिरमिरी को सौंपा ज्ञापन; प्रशासन और एसईसीएल पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप,
चिरमिरी। नई सड़क के निर्माण तक पुरानी सड़क को आम लोगों के आवागमन के लिए चालू रखने की मांग को लेकर बरतुंगा के ग्रामीणों ने आंदोलन का ऐलान कर दिया है। बरतुंगा बचाओ मंच के बैनर तले ग्रामीण 27 जुलाई को बरतुंगा स्थित फुलवरिया नाला के पास एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन करेंगे। साथ ही, उन्होंने बरतुंगा मार्ग से होने वाले कोल परिवहन को रोकने की चेतावनी भी दी है। इस संबंध में ग्रामीणों ने एसडीएम चिरमिरी को ज्ञापन सौंप दिया है।
ज्ञापन में ग्रामीणों ने कहा है कि सड़क बंद किए जाने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की है कि एसईसीएल प्रबंधन द्वारा प्रस्तावित नई सड़क का निर्माण पूरा होने और उसे आम जनता के लिए चालू किए जाने तक वर्तमान सड़क को बंद न किया जाए, ताकि लोगों का आवागमन निर्बाध बना रहे।
ग्रामीणों का कहना है कि इस मांग को लेकर पहले भी प्रशासन और एसईसीएल प्रबंधन को कई बार ज्ञापन दिया गया तथा वार्ता भी हुई, लेकिन निर्धारित समय सीमा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इससे स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है।
बरतुंगा बचाओ मंच ने आरोप लगाया कि प्रशासन और एसईसीएल की ओर से समस्या के समाधान के लिए प्रभावी पहल नहीं किए जाने के कारण ग्रामीण आंदोलन के लिए मजबूर हुए हैं। मंच ने स्पष्ट किया है कि यदि समय रहते मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो 27 जुलाई को धरना-प्रदर्शन के साथ कोल परिवहन भी रोका जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और एसईसीएल प्रबंधन की होगी।




पाठकों की टिप्पणियां 0