चैनपुर पंचायत में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन, छह बच्चों का हुआ अन्नप्राशन; उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का किया सम्मान
एमसीबी/11 अगस्त 2026
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 1 से 7 अगस्त तक मनाए गए विश्व स्तनपान सप्ताह के तहत चैनपुर पंचायत में समापन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कुपोषण मुक्ति के साथ स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संयुक्त संदेश दिया गया। इस अवसर पर स्वच्छता विषय पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया, जिसमें आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं हितग्राहियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एवं अध्यक्ष चैनपुर सरपंच श्रीमती मीना कुमारी रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ किया गया। इसके पश्चात सेक्टर पर्यवेक्षक श्रीमती शिल्पा अग्रवाल ने अतिथियों एवं उपस्थित जनों का स्वागत करते हुए 1 से 7 अगस्त तक आयोजित विश्व स्तनपान सप्ताह के विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी दी।
’छह माह तक केवल मां का दूध सर्वोत्तम आहार’
श्रीमती शिल्पा अग्रवाल ने उपस्थित शिशुवती माताओं को स्तनपान के महत्व की जानकारी देते हुए बताया कि जन्म से छह माह तक शिशु को केवल मां का दूध पिलाना चाहिए। छह माह की आयु तक बच्चे को पानी देने की भी आवश्यकता नहीं होती, क्योंकि मां के दूध से ही शिशु की पानी सहित आवश्यक पोषण संबंधी जरूरतें पूरी होती हैं। उन्होंने बताया कि छह माह की आयु पूर्ण होने के बाद बच्चे को स्तनपान के साथ ऊपरी आहार देना शुरू करना चाहिए। बच्चे को गाढ़ा एवं पौष्टिक आहार जैसे गाढ़ी दाल आदि थोड़ी-थोड़ी मात्रा में देना चाहिए। परिवार में बनने वाले विभिन्न प्रकार के पौष्टिक भोजन में से उपयुक्त आहार बच्चे को भी खिलाना चाहिए, जिससे उसमें अलग-अलग स्वाद और खाद्य पदार्थों को अपनाने की आदत विकसित हो। बच्चों को एक साथ अधिक भोजन कराने के बजाय थोड़ी-थोड़ी मात्रा में दिन में 4 से 5 बार भोजन कराने की सलाह दी गई।
स्वच्छता प्रतियोगिताओं में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने लिया हिस्सा
कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता संबंधी विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। डस्टबिन बनाओ प्रतियोगिता में चैनपुर पंचायत की कार्यकर्ता बसंती बड़ा ने प्रथम तथा राधा दुबे ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। नारा लेखन प्रतियोगिता में साब्दी पंचायत की कार्यकर्ता फूलकुंवर एवं फुलवती ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि चैनपुर की कार्यकर्ता प्रीति जायसवाल एवं राधा दुबे ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
इसी प्रकार चित्रकला प्रतियोगिता में चौघड़ा की कार्यकर्ता माला मालती केंवर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि हितग्राही सुकवरिया ने द्वितीय स्थान हासिल किया।
बरसात में स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने की अपील
कार्यक्रम में ब्लॉक स्वच्छता समन्वयक श्रीमती प्रभा पयासी ने बरसात के मौसम में बच्चों एवं परिवार के सदस्यों की व्यक्तिगत स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने की अपील की। उन्होंने घर एवं आसपास के परिसर को साफ-सुथरा रखने, गंदगी एवं जलभराव से बचने तथा स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए उपस्थित जनों को प्रेरित किया।
चैनपुर सरपंच श्रीमती मीना कुमारी ने उपस्थित हितग्राहियों से बच्चों के खान-पान, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने की अपील करते हुए कहा कि कुपोषण मुक्त समाज के निर्माण में परिवार एवं समुदाय की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने सभी से मिलकर स्वस्थ, स्वच्छ एवं कुपोषण मुक्त समाज बनाने में योगदान देने का आह्वान किया।
छह बच्चों का हुआ अन्नप्राशन, उत्कृष्ट कार्यकर्ताओं का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान छह बच्चों पुष्पा प्रिया (माता सुकवरिया), अंकिता (माता मीरा), लोकेश (माता पूजा), जैनब (माता मुस्कान) एवं मोरध्वज (माता चंदा) सहित बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। इस अवसर पर बच्चों को छह माह की आयु के बाद संतुलित एवं पौष्टिक ऊपरी आहार देने के महत्व की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थितजनों को कुपोषण मुक्ति एवं स्वच्छता की शपथ दिलाई गई तथा जागरूकता रैली निकालकर लोगों को स्वच्छता, पौष्टिक आहार एवं बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में सेक्टर अंतर्गत कार्यरत सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं संबंधित कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
पाठकों की टिप्पणियां 0