LIVEभारत और दुनिया की हर बड़ी खबर
22 Nov 2026
ब्रेकिंग

गेंदा फूलों की खेती से बदली किसान विद्याधर पटेल की जिंदगी

 गेंदा फूलों की खेती से बदली किसान विद्याधर पटेल की जिंदगी
गेंदा फूलों की खेती से बदली किसान विद्याधर पटेल की जिंदगी। फोटो: आज का दिन न्यूज़

स्थानीय लोगों को मिल रहा नियमित रोजगार

रायपुर, 22 नवम्बर 2026

दूर तलक क्यारी में फैले खुबसूरत गेंदा के फूलों की रंगत देखते ही बनती है। यह गेंदा के फूलों की क्यारी है, लैलूंगा विकासखंड के ग्राम-कोड़केल निवासी किसान विद्याधर पटेल की। जिन्होंने शासन के उद्यानिकी विभाग से तकनीकी मार्गदर्शन लेते हुए गेंदा के फूलों की उम्दा खेती की है। वे 7 से 8 एकड़ में गेंदा के फूलों का उत्पादन कर रहे हैं। उनके खेतों में तैयार गेंदा फूल छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों सारंगढ़, रायगढ़, सक्ती, चांपा, कोरबा, अंबिकापुर और जशपुर के साथ पड़ोसी राज्य ओडिशा तक भेजे जा रहे हैं। सुंदरगढ़, झारसुगुड़ा, राउरकेला, संबलपुर और बरगढ़ सहित ओडिशा के कई क्षेत्रों में फूलों की नियमित आपूर्ति की जाती है। उन्होंने बताया कि गेंदा फूल की खेती में एक एकड़ से लगभग 5 लाख रुपये तक की बिक्री होती है, जबकि प्रति एकड़ करीब 1 से 1.5 लाख रुपये तक लागत आती है। दशहरा से दीपावली तक फूलों की बहुत डिमांड रहती है। उन्होंने बताया कि सालाना लगभग 35 लाख तक कि आमदनी गेंदा की खेती से हो जाती है। सीजन के दौरान प्रतिदिन लगभग 12 से 15 वाहनों में फूल भेजे जाते हैं। इस खेती से वे स्वयं बेहतर आमदनी अर्जित करने के साथ स्थानीय लोगों को रोजगार भी उपलब्ध करा रहे हैं।

किसान विद्याधर पटेल ने बताया कि वे पहले सब्जी-भाजी की खेती कर रहे थे। इस दौरान रायपुर और रायगढ़ में शासन द्वारा आयोजित कृषि प्रदर्शनी में गमलों के माध्यम से सब्जियों की खेती का प्रदर्शन भी करते थे। इन्हीं प्रदर्शनी में गेंदा फूल की अच्छी मांग और बिक्री देखकर इसकी व्यावसायिक खेती शुरू करने के लिए प्रेरित हुए। इसके बाद उन्होंने गेंदा फूल की खेती शुरू की और अनुभव के साथ धीरे-धीरे इसका रकबा बढ़ाते चले गए। शुरुआती दौर में गेंदा फूल की खेती के दौरान उन्हें कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा। समय पर बिक्री नहीं होने से फूल खराब होने और लागत डूबने का खतरा भी रहता था। इस समस्या का समाधान निकालते हुए उद्यानिकी विभाग से मार्गदर्शन लेकर उन्होंने नवीन वैज्ञानिक तरीके से पॉलीबैग में पौधे तैयार करना शुरू किया। इसका फायदा यह हुआ कि दीपावली के दौरान फूलों की बिक्री नहीं होने पर भी बाद में उन्हें बाजार में बेचा जा सकता है। इस तकनीक से उत्पादन और बिक्री के बीच बेहतर तालमेल बना और नुकसान की आशंका कम हुई। खेतों में पाइपलाइन बिछाने के साथ आवश्यकता के अनुसार ड्रिप और स्प्रिंकलर सिंचाई की व्यवस्था भी की गई है।

गेंदा फूल की खेती के अलावा विद्याधर पटेल लगभग 4 से 5 एकड़ में मौसमी सब्जियों का उत्पादन भी करते हैं। इसमें भिंडी, बरबट्टी, पत्तागोभी और फूलगोभी प्रमुख हैं। गेंदा फूल का सीजन समाप्त होने के बाद वे सब्जियों की खेती और बिक्री पर ध्यान देते हैं। इसके अलावा छत्तीसगढ़ की पारंपरिक छत्तीस भाजी भी उन्होंने अपनी बाड़ी में तैयार की है। इस तरह फूलों और सब्जियों की खेती के माध्यम से उन्होंने अपनी आय के लिए अलग-अलग रास्ते तैयार किए हैं। यह इस बात की बानगी है कि खेती में नई सोच, मेहनत और बाजार की मांग के अनुरूप बदलाव किया जाए तो इसे बेहतर आमदनी का जरिया बनाया जा सकता है।

यह खबर कैसी लगी?

शेयर करें

Admin

Admin

पाठकों की टिप्पणियां 0