कोरबी के साप्ताहिक बाजार से पुलिस ने दबोचा, लंबे समय से था फरार
बैकुंठपुर ।
न्यायालय से जारी लंबे समय से लंबित स्थाई वारंटों की तामीली के लिए कोरिया पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष धरपकड़ अभियान के तहत एक बड़ी सफलता मिली है। बैकुंठपुर थाने के फरार स्थाई वारंटी राजेंद्र कुमार गोंड उर्फ रघुनाथ (उम्र 30 वर्ष) को पुलिस ने कोरबी के साप्ताहिक बाजार से घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है।
पकड़ा गया आरोपी राजेंद्र कुमार गोंड (निवासी ग्राम तनेरा, चौकी कोरबी, थाना पसान, जिला कोरबा) लंबे समय से अपने स्थाई पते से फरार था। पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए वह लगातार ठिकाने बदल रहा था और रायपुर से इंदौर चलने वाली ट्रकों में खलासी का काम कर फरारी काट रहा था।
पुलिस अधीक्षक कोरिया हरीश राठौर के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह के निर्देशन एवं एसडीओपी मोहसिन खान के पर्यवेक्षण में जिले, संभाग और राज्य के बाहर छिपे वारंटियों की धरपकड़ के लिए सघन अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में मुखबिर से आरोपी के कोरबी बाजार में मौजूद होने की सटीक सूचना मिली। पुलिस टीम ने त्वरित घेराबंदी करते हुए उसे अभिरक्षा में ले लिया। आरोपी के विरुद्ध वैधानिक प्रक्रिया पूरी कर उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
इस धरपकड़ अभियान में चौकी पोड़ी- बचरा के प्रधान आरक्षक राजेश पैकरा, आरक्षक राजेश पाण्डेय, आरक्षक सूरज यादव तथा महिला आरक्षक विजय कुमारी, साइबर सेल से आरक्षक अमरेशानन्द एवं सजल जायसवाल की सक्रिय व सराहनीय भूमिका रही।




पाठकों की टिप्पणियां 0