LIVEभारत और दुनिया की हर बड़ी खबर
06 Aug 2026
ब्रेकिंग

कोंडागांव : लक्ष्य कोचिंग संस्थान में साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

कोंडागांव : लक्ष्य कोचिंग संस्थान में साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
कोंडागांव : लक्ष्य कोचिंग संस्थान में साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित। फोटो: आज का दिन न्यूज़

कोंडागांव, 06 अगस्त 2026

लक्ष्य कोचिंग संस्थान, कोंडागांव में बुधवार को जिला पुलिस के साइबर सेल द्वारा साइबर सुरक्षा एवं ऑनलाइन अपराधों से बचाव विषय पर एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर जिला साइबर सेल एक्सपर्ट मनीष बोस ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को वर्तमान समय में बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करते हुए उनसे बचने के प्रभावी उपायों की विस्तृत जानकारी दी।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को ऑनलाइन फ्रॉड, म्यूल (Mule) अकाउंट फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट, मोबाइल डेटा चोरी, मोबाइल हैकिंग, ऑनलाइन ठगी, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा साइबर ट्रैकिंग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया गया।

साइबर सेल एक्सपर्ट मनीष बोस ने बताया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक खाते की जानकारी, ओटीपी, पासवर्ड या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। उन्होंने विद्यार्थियों को संदिग्ध लिंक, फर्जी कॉल, नकली निवेश योजनाओं एवं सोशल मीडिया पर होने वाली ठगी से सावधान रहने की सलाह दी।

उन्होंने मोबाइल सुरक्षा के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए बताया कि मोबाइल की सेटिंग में जाकर "Tracker" सर्च कर यह जांच लें कि कहीं आपके मोबाइल में कोई अनजान ट्रैकिंग सुविधा या डिवाइस तो सक्रिय नहीं है। साथ ही सभी विद्यार्थियों को *#06# डायल कर अपने मोबाइल का IMEI नंबर नोट कर सुरक्षित रखने की सलाह दी, ताकि मोबाइल चोरी या गुम होने की स्थिति में उसकी पहचान और खोजबीन में सहायता मिल सके।

कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 एवं साइबर अपराध की शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की भी जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो जाए तो तत्काल 1930 पर कॉल कर या साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर समय रहते आर्थिक नुकसान से बचा जा सकता है।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने साइबर सुरक्षा से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने सरल एवं व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से समाधान किया। लक्ष्य कोचिंग संस्थान की ओर से डेविड सर ने जिला साइबर सेल एवं साइबर सेल एक्सपर्ट मनीष बोस का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों को डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहने के लिए अत्यंत उपयोगी, जागरूकतापूर्ण एवं प्रेरणादायक हैं।

यह खबर कैसी लगी?

शेयर करें

Admin

Admin

पाठकों की टिप्पणियां 0