LIVEभारत और दुनिया की हर बड़ी खबर
06 Sep 2026
ब्रेकिंग

खड़गवां से ‘सेवा संकल्प अभियान 2026’ का आगाज, मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने दिलाया स्वस्थ समाज का संकल्प,

खड़गवां से ‘सेवा संकल्प अभियान 2026’ का आगाज, मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने दिलाया स्वस्थ समाज का संकल्प,
खड़गवां से ‘सेवा संकल्प अभियान 2026’ का आगाज, मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने दिलाया स्वस्थ समाज का संकल्प,। फोटो: आज का दिन न्यूज़

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा मेगा हेल्थ कैंप अभियान, 30 सितंबर तक खड़गवां को टीबी मुक्त घोषित करने का लक्ष्य

मनेंद्रगढ़-चिरमिरी में एक माह में शुरू होगी ICU सेवा, चिरमिरी में 1-2 माह में मेंटल अस्पताल शुरू करने की तैयारी

खड़गवां। क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने तथा गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान, जांच और उपचार सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ‘सेवा संकल्प अभियान 2026’ का शुभारंभ शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खड़गवां से स्वास्थ्य मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक श्याम बिहारी जायसवाल ने किया। अभियान के तहत क्षेत्र में व्यापक स्वास्थ्य जांच, स्क्रीनिंग और उपचार की व्यवस्था की जाएगी।

कार्यक्रम की शुरुआत सेवा संकल्प अभियान के लिए बनाए गए पंजीयन काउंटर से हुई। स्वास्थ्य मंत्री ने स्वयं पंजीयन व्यवस्था का निरीक्षण किया और विभिन्न बीमारियों की जांच के लिए बनाए गए विभागवार कक्षों का जायजा लिया। उन्होंने मरीजों की जांच, उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, उपचार व्यवस्था और आवश्यक संसाधनों की जानकारी अधिकारियों से ली।

इसके बाद छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलित कर मेगा हेल्थ कैंप का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’, राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ और छत्तीसगढ़ के राजकीय गीत की धुन के बीच उपस्थित अतिथियों एवं लोगों ने सावधान की मुद्रा में सहभागिता की। इसके बाद स्वागत समारोह आयोजित किया गया।

30 सितंबर तक खड़गवां को टीबी मुक्त करने का लक्ष्य

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि 30 सितंबर को जनपद खड़गवां को टीबी मुक्त घोषित करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि बीमारियों की पहचान शुरुआती स्तर पर हो और मरीजों को समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जाए।

मंत्री ने कहा कि खड़गवां, चिरमिरी और मनेंद्रगढ़ की जीवन दीप समितियों की आय में बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने इसे समितियों से जुड़े लोगों की मेहनत और स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने में उनके योगदान का परिणाम बताया। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों और समिति से जुड़े लोगों की भूमिका की सराहना की।

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा मेगा हेल्थ कैंप अभियान

मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर के अवसर पर मनेंद्रगढ़ में मेगा हेल्थ कैंप आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक लगातार स्वास्थ्य शिविर और स्क्रीनिंग अभियान चलाया जाएगा।

अभियान के दौरान जांच में गंभीर बीमारी सामने आने वाले मरीजों को उनकी आवश्यकता के अनुसार संबंधित अस्पताल या विशेषज्ञ चिकित्सा केंद्र भेजा जाएगा। मंत्री ने कहा कि ऐसे मरीजों के उपचार की व्यवस्था सरकार की ओर से सुनिश्चित की जाएगी।

30 सितंबर से चिरमिरी में तीन दिवसीय मेगा हेल्थ कैंप

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि 30 सितंबर से चिरमिरी में तीन दिवसीय मेगा हेल्थ कैंप आयोजित किया जाएगा। इसके बाद 2 अक्टूबर को अभियान का समापन होगा।

उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ का उद्देश्य प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर होने वाले जनोत्सव को स्वास्थ्य सेवा से जोड़ना है, ताकि अधिक से अधिक लोगों की स्क्रीनिंग हो और गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान कर उनका उपचार शुरू किया जा सके।

एक-दो माह में चिरमिरी में शुरू होगा मेंटल अस्पताल

क्षेत्र में मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार को लेकर मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि चिरमिरी में मेंटल अस्पताल को एक-दो माह के भीतर शुरू करने का प्रयास किया जा रहा है। अस्पताल शुरू होने से मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े मरीजों को क्षेत्र में ही बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

मनेंद्रगढ़ और चिरमिरी में एक माह में शुरू होगी ICU सेवा

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि मनेंद्रगढ़ और चिरमिरी में एक माह के भीतर ICU सेवा शुरू करने का प्रयास किया जा रहा है। इससे गंभीर मरीजों को स्थानीय स्तर पर तत्काल उपचार मिल सकेगा और उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए दूसरे शहरों में रेफर करने की आवश्यकता कम होगी।

जनवरी-फरवरी तक चिरमिरी रेलवे स्टेशन से जुड़े बड़े प्रोजेक्ट की उम्मीद

कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने क्षेत्र के विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी भी साझा की। उन्होंने कहा कि जनवरी या फरवरी तक चिरमिरी रेलवे स्टेशन से जुड़ा बड़ा रेलवे प्रोजेक्ट शुरू होने की उम्मीद है। उन्होंने इसे क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण परियोजना बताया।

मंत्री ने दिलाया स्वस्थ समाज का संकल्प

कार्यक्रम के अंत में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने उपस्थित लोगों को स्वस्थ जीवन, बीमारी से बचाव, नियमित स्वास्थ्य जांच और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संकल्प दिलाया।

उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं और सुविधाओं के साथ आमजन की भागीदारी भी जरूरी है। ‘सेवा संकल्प अभियान 2026’ का फोकस केवल बीमारी का उपचार करने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि बीमारी की समय पर पहचान, स्क्रीनिंग, उपचार और स्वास्थ्य जागरूकता पर भी रहेगा।

कार्यक्रम में महापौर राम नरेश राय, मंडल अध्यक्ष खड़गवां भाजपा धरमपाल सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष रामलाल साहू, भाजपा किसान मोर्चा अध्यक्ष एमसीबी राम प्रताप गुप्ता, युवा नेता अरुणोदय पांडे, धनंजय पांडे, वरिष्ठ भाजपा नेता मुकेश जायसवाल, विधायक प्रतिनिधि राजू नायक, श्रीमती यशवंती सिंह सहित जिला अस्पताल अधीक्षक डॉ. राजेंद्र राय, मनेंद्रगढ़ अस्पताल अधीक्षक डॉ. स्वप्निल तिवारी, डीपीएम शिशिर जायसवाल, मनेंद्रगढ़ अस्पताल प्रबंधक मंडल, खड़गवां डीपीएम राजकुमार रजवाड़े, बीएमओ डॉ. मनीष सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

यह खबर कैसी लगी?

शेयर करें

Admin

Admin

पाठकों की टिप्पणियां 0