LIVEभारत और दुनिया की हर बड़ी खबर
08 Oct 2026
ब्रेकिंग

खड़गवां में खुलेगा उप-पंजीयक कार्यालय, चिरमिरी समेत 60 गांवों को मिलेगी नजदीक रजिस्ट्री की सुविधा

खड़गवां में खुलेगा उप-पंजीयक कार्यालय, चिरमिरी समेत 60 गांवों को मिलेगी नजदीक रजिस्ट्री की सुविधा
खड़गवां में खुलेगा उप-पंजीयक कार्यालय, चिरमिरी समेत 60 गांवों को मिलेगी नजदीक रजिस्ट्री की सुविधा। फोटो: आज का दिन न्यूज़

1 दिसंबर 2026 से प्रभावी होगी नई व्यवस्था, जमीन की रजिस्ट्री के लिए मनेन्द्रगढ़ जाने की परेशानी होगी दूर

मनेन्द्रगढ़। खड़गवां और चिरमिरी क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। राज्य शासन ने खड़गवां में नवीन उप-पंजीयक कार्यालय की स्थापना को मंजूरी देते हुए अधिसूचना जारी कर दी है। नया कार्यालय 1 दिसंबर 2026 से प्रभावी होगा।

नवीन उप-पंजीयक कार्यालय के कार्यक्षेत्र में खड़गवां तहसील के 44 और चिरमिरी तहसील के 16 गांव, यानी कुल 60 गांवों को शामिल किया गया है। इससे इन क्षेत्रों के किसानों, ग्रामीणों और जमीन अथवा अन्य अचल संपत्तियों की खरीद-बिक्री करने वाले नागरिकों को अपने क्षेत्र के नजदीक ही पंजीयन की सुविधा मिल सकेगी।

अब रजिस्ट्री के लिए मनेन्द्रगढ़ जाने की जरूरत नहीं

नया कार्यालय शुरू होने के बाद संबंधित गांवों के लोगों को जमीन और अन्य अचल संपत्तियों की रजिस्ट्री के लिए मनेन्द्रगढ़ स्थित उप-पंजीयक कार्यालय तक लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। इससे लोगों के समय और आने-जाने के खर्च की बचत होगी और पंजीयन प्रक्रिया क्षेत्रवासियों के लिए अधिक सुविधाजनक हो जाएगी।

नवीन कार्यालय के कार्यक्षेत्र में खड़गवां, देवाडांड, रतनपुर, छोटे कलुआ, धनपुर, पेंडरी सहित खड़गवां तहसील के विभिन्न गांव शामिल किए गए हैं। वहीं चिरमिरी, उधनापुर, आमाडांड, भुकभुकी सहित संबंधित गांवों को भी नए पंजीयन उप-जिले के कार्यक्षेत्र में शामिल किया गया है।

इन गांवों को मनेन्द्रगढ़ उप-पंजीयक कार्यालय के कार्यक्षेत्र से अलग कर नवीन खड़गवां पंजीयन उप-जिले में शामिल किया गया है।

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने जताया आभार

स्वास्थ्य मंत्री एवं स्थानीय विधायक श्याम बिहारी जायसवाल ने चिरमिरी, खड़गवां और समस्त क्षेत्रवासियों की ओर से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं वित्त मंत्री ओपी चौधरी का आभार व्यक्त किया है।

उन्होंने कहा कि खड़गवां में उप-पंजीयक कार्यालय की स्थापना से क्षेत्रवासियों को बड़ी सहूलियत मिलेगी। अब लोगों को जमीन की रजिस्ट्री के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा और अपने क्षेत्र में ही पंजीयन की सुविधा उपलब्ध होगी।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार प्रशासनिक सुविधाओं को जनता के नजदीक पहुंचाने के लिए निरंतर काम कर रही है।

क्षेत्रवासियों ने किया निर्णय का स्वागत

खड़गवां में उप-पंजीयक कार्यालय की स्वीकृति का क्षेत्रवासियों ने स्वागत किया है। लोगों का कहना है कि स्थानीय स्तर पर रजिस्ट्री की सुविधा उपलब्ध होने से जमीन की खरीद-बिक्री और पंजीयन से जुड़े कार्यों में आसानी होगी।

नए कार्यालय से चिरमिरी और खड़गवां क्षेत्र के 60 गांवों के लोगों को सीधे लाभ मिलने की उम्मीद है।

यह खबर कैसी लगी?

शेयर करें

Admin

Admin

पाठकों की टिप्पणियां 0