LIVEभारत और दुनिया की हर बड़ी खबर
25 Oct 2026
ब्रेकिंग

केल्हारी सड़क हादसा: स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने घायलों का जाना हाल, बेहतर इलाज के दिए निर्देश

केल्हारी सड़क हादसा: स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने घायलों का जाना हाल, बेहतर इलाज के दिए निर्देश
केल्हारी सड़क हादसा: स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने घायलों का जाना हाल, बेहतर इलाज के दिए निर्देश। फोटो: आज का दिन न्यूज़

मनेंद्रगढ़। एमसीबी जिले के केल्हारी क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे में घायलों के उपचार को लेकर स्वास्थ्य मंत्री एवं मनेंद्रगढ़ विधायक श्याम बिहारी जायसवाल ने अस्पताल पहुंचकर स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। चिरमिरी अस्पताल के दौरे के बाद वे मनेंद्रगढ़ स्थित 220 बिस्तरीय शासकीय सिविल अस्पताल पहुंचे और भर्ती घायलों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। हादसे में करीब 40 लोगों के घायल होने और अब तक 6 लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है।

घायलों को बेहतर उपचार देने के निर्देश

स्वास्थ्य मंत्री ने घायलों और उनके परिजनों से मुलाकात कर हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी घायलों को प्राथमिकता के आधार पर बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। उपचार में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और जरूरत के अनुसार मरीजों को सभी आवश्यक सुविधाएं दी जाएं।

मंत्री ने चिकित्सकों से घायलों की स्थिति और उपचार की प्रगति के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को आपसी समन्वय के साथ काम करने तथा मरीजों के इलाज में किसी तरह की कमी नहीं आने देने के निर्देश दिए।

घायलों को फल वितरित कर बढ़ाया हौसला

अस्पताल में घायलों का हाल जानने के दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष चम्पा देवी पावले, कलेक्टर संतन देवी जांगड़े, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती अंकिता सोम, सीएचएमओ डॉ. अविनाश खरे, डीपीएम शिशिर जायसवाल, अस्पताल अधीक्षक डॉ. स्वप्निल तिवारी सहित प्रशासनिक अधिकारी, स्वास्थ्यकर्मी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री एवं जनप्रतिनिधियों ने भर्ती घायलों को फल वितरित किए और उनका हौसला बढ़ाया। साथ ही घायलों और उनके परिजनों को इस कठिन समय में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि हादसे में घायल लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को उपचार व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए, ताकि सभी घायलों को समय पर आवश्यक चिकित्सा सहायता मिल सके।

यह खबर कैसी लगी?

शेयर करें

Admin

Admin

पाठकों की टिप्पणियां 0