मनेंद्रगढ़। एमसीबी जिले के केल्हारी थाना क्षेत्र में 22 अक्टूबर को हुए भीषण बस हादसे के बाद परिवहन विभाग ने यात्री बसों की सघन जांच शुरू कर दी है। यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और सड़क दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के उद्देश्य से 23 अक्टूबर को परिवहन उड़नदस्ता दल ने विभिन्न यात्री बसों की जांच की। इस दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 3 बसें जब्त की गईं, जबकि 4 अन्य बसों पर कुल 11 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
फिटनेस, परमिट और सुरक्षा मानकों की जांच
जिला परिवहन अधिकारी के निर्देश पर चलाए गए अभियान में यात्री बसों के फिटनेस प्रमाण पत्र, परमिट, बीमा, प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र और चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस की जांच की गई। इसके साथ ही बसों की तकनीकी स्थिति, ओवरलोडिंग, ओवरस्पीडिंग और यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े मानकों का भी परीक्षण किया गया।
जांच के दौरान मोटरयान अधिनियम और संबंधित नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित बस संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई। विभाग का उद्देश्य बसों के संचालन में नियमों का पालन सुनिश्चित करना और यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देना है।
नियमों की अनदेखी पर होगी कार्रवाई
जिला परिवहन अधिकारी ने यात्री बस संचालकों को सभी आवश्यक दस्तावेज वैध और अद्यतन रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना वैध फिटनेस, परमिट, बीमा अथवा अन्य जरूरी दस्तावेजों के बस संचालन और सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।
यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
परिवहन विभाग ने बस संचालकों को निर्धारित क्षमता के अनुसार यात्रियों को बैठाने, वाहनों की तकनीकी स्थिति दुरुस्त रखने और यातायात नियमों का पालन करने के निर्देश दिए हैं।
विभाग के अनुसार, जिले में यात्री बसों की जांच और निगरानी का अभियान आगे भी जारी रहेगा। इसका उद्देश्य सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना और यात्रियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करना है।




पाठकों की टिप्पणियां 0