मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की संवेदना लेकर पहुंचे श्याम बिहारी जायसवाल, मृतकों के परिजनों को 5 लाख और घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता की घोषणा
मनेंद्रगढ़। मनेंद्रगढ़ से केल्हारी जा रही राज ट्रेवल्स की यात्री बस के भीषण हादसे में छह लोगों की मौत और करीब 40 लोगों के घायल होने से क्षेत्र में शोक का माहौल है। हादसे के बाद स्वास्थ्य मंत्री एवं मनेंद्रगढ़ विधायक श्याम बिहारी जायसवाल ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मृतकों के घर पहुंचकर शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की ओर से संवेदना व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।
चार गांवों में पहुंचकर परिजनों को बंधाया ढांढस
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ ग्राम पंचायत केल्हारी, कच्छौड़, रोझी और केवटी पहुंचे। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष चंपा देवी पावले, कलेक्टर संतन देवी जांगड़े, जिला पंचायत सीईओ सहित प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
मंत्री ने परिजनों से बातचीत कर उनकी स्थिति जानी और भरोसा दिलाया कि दुख की इस घड़ी में प्रदेश सरकार उनके साथ खड़ी है। प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
मृतकों के परिजनों को 5 लाख, घायलों को 50 हजार रुपये
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजन को पांच-पांच लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। स्वास्थ्य मंत्री ने पीड़ित परिवारों को इस सहायता की जानकारी दी।
इसके अलावा मृतकों के अंतिम संस्कार के लिए 25-25 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई। गंभीर रूप से घायल मरीजों को 10-10 हजार रुपये की अतिरिक्त सहायता दिए जाने की जानकारी भी दी गई। मंत्री ने कहा कि अपनों को खोने का दुख अपूरणीय है और सरकार प्रभावित परिवारों को आवश्यक मदद उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
कुछ घंटे पहले हुई थी बात, फिर मिली हादसे की खबर
हादसे में अपने साढ़ू भाई को खोने वाले कच्छौड़ निवासी एक परिजन ने बताया कि दुर्घटना से कुछ घंटे पहले ही उनकी मृतक से बातचीत हुई थी। मृतक उसी दिन उनके घर रुकने वाले थे, लेकिन कुछ ही समय बाद बस दुर्घटना की खबर मिल गई।
सूचना मिलने पर वे अस्पताल पहुंचे, जहां उन्हें अपनी साली की मौत की जानकारी मिली। परिवार के एक अन्य सदस्य का मनेंद्रगढ़ स्थित 220 बिस्तरीय शासकीय सिविल अस्पताल में उपचार जारी है। अचानक हुई इस दुर्घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।
घायलों के उपचार और पीड़ित परिवारों की मदद पर जोर
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि सड़क हादसे में लोगों की जान जाना बेहद दुखद है। मुख्यमंत्री ने भी घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त की है। शासन की ओर से घोषित आर्थिक सहायता के साथ प्रभावित परिवारों को जरूरी सहयोग उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन काम कर रहा है।
मंत्री ने भरोसा दिलाया कि घायलों के उपचार और पीड़ित परिवारों को सहायता पहुंचाने में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।



पाठकों की टिप्पणियां 0