मानव श्रृंखला बनाकर लिया उल्लास शपथ, साक्षरता दीप जलाकर दिया शिक्षा और जागरूकता का संदेश,
मनेंद्रगढ़। जिले में उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत 1 से 15 सितंबर 2026 तक आयोजित किए जा रहे साक्षरता पखवाड़े के तहत अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला कठौतिया के प्रांगण में विभिन्न जागरूकता एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया।
राज्य परियोजना कार्यालय से प्राप्त निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रम कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े एवं जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अंकिता सोम शर्मा के निर्देशन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विकासखंड शिक्षा अधिकारी मनेन्द्रगढ़ विपिन पांडेय, उल्लास कार्यक्रम के जिला परियोजना अधिकारी गणेश यादव सहित प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला कठौतिया के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन मनीषा पांडेय ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत में शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला कठौतिया की प्रधान पाठिका तारा राज किशोरी मिंज ने विकासखंड शिक्षा अधिकारी विपिन पांडेय का पुष्पगुच्छ से स्वागत किया। वहीं जिला परियोजना अधिकारी गणेश यादव का स्वागत योगेश कुमार लहंगीर ने किया।
चित्रकला और रंगोली से दिया साक्षरता का संदेश
अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस एवं उल्लास की थीम पर माध्यमिक एवं प्राथमिक शाला कठौतिया के छात्र-छात्राओं ने आकर्षक चित्रकला एवं रंगोली प्रस्तुत की। विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता के माध्यम से शिक्षा, साक्षरता और सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया।
विद्यालय की शिक्षिकाओं ने गतिविधियों के दौरान विद्यार्थियों का मार्गदर्शन एवं सहयोग किया। अधिकारियों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा, रचनात्मकता और प्रयासों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम और प्रतिभागियों का सम्मान
कार्यक्रम में उल्लास थीम पर माध्यमिक शाला कठौतिया की छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुति दी। वहीं, साक्षरता पखवाड़े के दौरान अब तक आयोजित विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साह बढ़ाया गया।
मानव श्रृंखला बनाकर लिया उल्लास शपथ
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण विद्यार्थियों, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं ग्रामीणों द्वारा बनाई गई वृहद मानव श्रृंखला रही। इस दौरान उल्लास एवं साक्षरता से जुड़े प्रेरक नारों के माध्यम से लोगों को शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।
सभी उपस्थित लोगों ने उल्लास शपथ लेकर समाज में शिक्षा एवं साक्षरता का संदेश पहुंचाने और निरक्षरता के खिलाफ जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
साक्षरता दीप जलाकर दिया जागरूकता का संदेश
कार्यक्रम के अंत में ग्राम प्रभारी योगेश कुमार लहंगीर एवं उर्मिला सिंह ने आभार प्रदर्शन किया। इसके बाद शाम 7 बजे शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्र-छात्राओं ने अपने-अपने घरों में ‘उल्लास साक्षरता दीपक’ जलाया।
साक्षरता दीप के माध्यम से शिक्षा के प्रकाश को घर-घर पहुंचाने और समाज में साक्षरता के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों, शिक्षकों और ग्रामीणों की सहभागिता ने साक्षरता अभियान को सामुदायिक स्वरूप प्रदान किया।




पाठकों की टिप्पणियां 0