रोबोटिक्स, अंतरिक्ष विज्ञान, सतत विकास और जल निस्पंदन के प्रयोगों से सीखेंगे विद्यार्थी
रायपुर, 27 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज कैम्प कार्यालय बगिया में ‘साइंस ऑन व्हील्स’ वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह चलती-फिरती विज्ञानशाला स्कूलों तक पहुंचकर विद्यार्थियों को प्रयोगों, वैज्ञानिक मॉडलों और गतिविधियों के माध्यम से विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी की व्यावहारिक जानकारी देगी।
इस पहल का विशेष लाभ उन क्षेत्रों के विद्यार्थियों को मिलेगा, जहां आधुनिक प्रयोगशालाओं और वैज्ञानिक संसाधनों तक पहुंच सीमित है। विद्यार्थी किताबों में पढ़े विज्ञान को स्वयं प्रयोग करके समझ सकेंगे।
बच्चों में विकसित होगी वैज्ञानिक सोच
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि बच्चों की जिज्ञासा को वैज्ञानिक सोच, प्रयोग और नवाचार से जोड़ना जरूरी है। ‘साइंस ऑन व्हील्स’ विद्यार्थियों को सवाल पूछने, प्रयोग करने और समस्याओं के वैज्ञानिक समाधान खोजने के लिए प्रेरित करेगी।
उन्होंने कहा कि आज विज्ञान और तकनीक जीवन के हर क्षेत्र में महत्वपूर्ण हैं। ऐसे में स्कूली स्तर से ही विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकों के व्यावहारिक पक्ष से परिचित कराना उनके भविष्य के लिए उपयोगी होगा।
चार प्रमुख विषयों पर होंगे प्रयोग
‘साइंस ऑन व्हील्स’ में विद्यार्थियों को मुख्य रूप से अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी, रोबोटिक्स, सतत विकास और जल निस्पंदन से जुड़े मॉड्यूल के माध्यम से सीखने का अवसर मिलेगा।
अंतरिक्ष विज्ञान और रोबोटिक्स से बच्चे नई तकनीकों से परिचित होंगे, जबकि सतत विकास के जरिए पर्यावरण संरक्षण एवं संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग की समझ विकसित होगी। जल निस्पंदन के प्रयोगों से स्वच्छ जल और जल संरक्षण के वैज्ञानिक पहलुओं को समझाया जाएगा।
सिर्फ देखेंगे नहीं, खुद करेंगे प्रयोग
इस मोबाइल विज्ञानशाला की खासियत यह है कि विद्यार्थी केवल मॉडल और प्रदर्शन नहीं देखेंगे, बल्कि विभिन्न प्रयोगों और गतिविधियों में स्वयं भाग भी लेंगे। इससे उनमें तार्किक सोच, समस्या-समाधान, रचनात्मकता और नवाचार की क्षमता विकसित करने का प्रयास किया जाएगा।
तीन राज्यों में संचालित हो रही पहल
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के सहयोग से ‘साइंस ऑन व्हील्स’ परियोजना छत्तीसगढ़, पंजाब और हिमाचल प्रदेश में संचालित की जा रही है। इसे प्लक्ष विश्वविद्यालय, IDYM फाउंडेशन और IIT मंडी के सहयोग से लागू किया जा रहा है।
छत्तीसगढ़ में इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को विज्ञान और आधुनिक तकनीक से जोड़ने के साथ उनमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय, कलेक्टर श्री रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेंद सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक कुमार सहित स्व-सहायता समूहों की महिलाएं एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।




पाठकों की टिप्पणियां 0