रायपुर, 07 सितम्बर 2026
राज्यपाल श्री रमेन डेका ने आज लोक भवन में छत्तीसगढ़ निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग द्वारा तैयार किए गए नए वेब पोर्टल का क्लिक कर शुभारंभ किया। इस अवसर पर आयोग के अध्यक्ष श्री वी. के. गोयल सहित आयोग के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
नए वेब पोर्टल के माध्यम से प्रदेश के निजी विश्वविद्यालयों से संबंधित महत्वपूर्ण एवं अद्यतन जानकारी अब एक ही स्थान पर उपलब्ध होगी। पोर्टल पर विश्वविद्यालयों द्वारा संचालित पाठ्यक्रमों, अकादमिक कैलेंडर, प्रवेशित विद्यार्थियों, अंकसूची, डिग्री तथा विगत वर्षों के परीक्षा परिणाम से संबंधित जानकारी अपलोड की जाएगी।
इसके साथ ही निजी विश्वविद्यालयों द्वारा निर्धारित एवं लिए जाने वाले शुल्क, कार्यरत अधिकारियों, विभिन्न समितियों एवं उनके सदस्यों तथा पीएचडी शोध-निर्देशकों की विस्तृत जानकारी भी पोर्टल पर उपलब्ध रहेगी।
पोर्टल पर राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 (NEP-2020), नैक प्रत्यायन, अन्य विश्वविद्यालयों के साथ किए गए एमओयू, स्किल डेवलपमेंट, इनोवेशन, स्टार्टअप, जॉब ओरिएंटेशन प्रोग्राम, कैंपस प्लेसमेंट और ई-लाइब्रेरी से संबंधित जानकारी भी प्रदर्शित की जाएगी।
इसके अलावा शैक्षणिक स्वीकृतियों, स्वीकृत एवं भरे गए पदों तथा रिक्त पदों से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराने की भी व्यवस्था की गई है। इससे निजी विश्वविद्यालयों की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक गतिविधियों की जानकारी आसानी से उपलब्ध होने के साथ-साथ पारदर्शिता और प्रभावी निगरानी को बढ़ावा मिलेगा।
नया पोर्टल विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों और आम नागरिकों के लिए निजी विश्वविद्यालयों से जुड़ी आवश्यक जानकारी तक आसान पहुंच का एक उपयोगी माध्यम बनेगा।




पाठकों की टिप्पणियां 0