चिरमिरी। नगर निगम चिरमिरी के गेल्हापानी वार्ड क्रमांक 9 में बिजली की समस्या को लेकर लोगों का आक्रोश सामने आया। एसईसीएल द्वारा कथित तौर पर बिना पूर्व सूचना दिए बिजली ट्रांसफार्मर खोलकर ले जाने की सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया और चक्का जाम कर दिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में पहले से ही बिजली व्यवस्था को लेकर परेशानी बनी हुई है। ऐसे में ट्रांसफार्मर को बिना पूर्व सूचना हटाए जाने की जानकारी से लोगों में नाराजगी बढ़ गई। प्रदर्शनकारियों ने बिजली व्यवस्था तत्काल बहाल करने और ट्रांसफार्मर को वापस लगाए जाने की मांग की।
चक्का जाम की सूचना मिलने के बाद संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया। लोगों ने मांग की कि गेल्हापानी क्षेत्र की बिजली समस्या का स्थायी समाधान किया जाए और बिना पूर्व सूचना इस तरह की कार्रवाई न की जाए।
फिलहाल मामले में एसईसीएल और संबंधित विद्युत विभाग की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।




पाठकों की टिप्पणियां 0