First 95, Second 95 और Third 95 में जिले का उल्लेखनीय प्रदर्शन, उपचार एवं वायरल लोड नियंत्रण में मिली बड़ी उपलब्धि...
मनेंद्रगढ़ । राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन (NACO), नई दिल्ली द्वारा संचालित “मोबिलाइजेशन फॉर एड्स सुरक्षा” पहल के अंतर्गत छत्तीसगढ़ में HIV/AIDS नियंत्रण कार्यक्रम को प्रभावी बनाने तथा 95-95-95 लक्ष्यों की प्राप्ति की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मनेन्द्रगढ़- चिरमिरी- भरतपुर जिले ने एचआईवी नियंत्रण एवं उपचार के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए राज्य में अपनी मजबूत स्थिति दर्ज की है।
05 सितम्बर 2026 को उपलब्ध MAS- Dashboard के आंकड़ों के अनुसार, MCB जिले ने एचआईवी के साथ जीवन यापन कर रहे व्यक्तियों (PLHIV) को उपचार से जोड़ने, उपचार की निरंतरता बनाए रखने तथा वायरल लोड नियंत्रण की दिशा में बेहतर प्रदर्शन किया है। जिले का यह प्रदर्शन एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने और उन्हें गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयासों का परिणाम है।
मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल के नेतृत्व में राज्य में विशेष प्रयास
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के कुशल नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में HIV/AIDS नियंत्रण कार्यक्रम को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए विशेष रणनीति के तहत कार्य किया जा रहा है। राज्य के सभी जिलों को बेहतर प्रदर्शन वाली श्रेणी में लाने के उद्देश्य से HIV की शीघ्र पहचान, जांच का विस्तार, पॉजिटिव पाए गए व्यक्तियों को शीघ्र उपचार से जोड़ना तथा उपचार की निरंतरता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
MCB जिले में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे द्वारा HIV/AIDS नियंत्रण कार्यक्रम की नियमित समीक्षा, मैदानी स्तर पर निगरानी तथा संबंधित अधिकारियों एवं स्वास्थ्य कर्मियों के साथ निरंतर समन्वय किया जा रहा है। इसका सकारात्मक परिणाम जिले के प्रदर्शन में दिखाई दे रहा है।
Third 95 में राज्य का मजबूत प्रदर्शन
HIV/AIDS नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत Third 95 का उद्देश्य उपचार प्राप्त कर रहे HIV संक्रमित व्यक्तियों के वायरल लोड को नियंत्रित करना है। छत्तीसगढ़ के अधिकांश जिलों में Third 95 के क्षेत्र में मजबूत प्रदर्शन दर्ज किया गया है। यह उपलब्धि इस बात का संकेत है कि उपचार से जुड़े लोगों में नियमित ART उपचार, फॉलोअप और वायरल लोड मॉनिटरिंग को प्रभावी रूप से आगे बढ़ाया जा रहा है।
वायरल लोड का नियंत्रण HIV के साथ जीवन जी रहे व्यक्तियों के बेहतर स्वास्थ्य परिणामों के साथ-साथ संक्रमण के प्रसार को कम करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
MCB बना उल्लेखनीय जिला
मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले ने First 95, Second 95 और Third 95 तीनों स्तरों पर उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है। जिले में HIV की पहचान से लेकर जांच, उपचार से जोड़ने और उपचार के बाद वायरल लोड नियंत्रण तक स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। जिले में HIV के प्रति जागरूकता बढ़ाने, संदिग्ध एवं जोखिम वाले व्यक्तियों की समय पर जांच कराने तथा HIV पॉजिटिव पाए गए व्यक्तियों को शीघ्र ART सेंटर से जोड़ने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
First 95 और Second 95 को और मजबूत करने की रणनीति
जहां First 95 और Second 95 के क्षेत्र में अभी और बेहतर परिणाम की आवश्यकता है, वहां स्वास्थ्य विभाग द्वारा विशेष रणनीति तैयार कर कार्य किया जा रहा है। इसके तहत HIV की शीघ्र पहचान एवं जांच का विस्तार, पॉजिटिव व्यक्तियों की शीघ्र ART से लिंकेज, उपचार की निरंतरता, नियमित फॉलोअप तथा उपचार के दौरान आने वाली चुनौतियों के समाधान पर विशेष फोकस किया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग का प्रयास है कि कोई भी व्यक्ति HIV संक्रमण की स्थिति में जांच और उपचार से वंचित न रहे तथा प्रत्येक चिन्हित व्यक्ति को समय पर आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें।
पहचान से उपचार और उपचार से वायरल लोड नियंत्रण तक
राज्य की आगामी रणनीति का मुख्य उद्देश्य “पहचान से उपचार और उपचार से वायरल लोड नियंत्रण तक” की पूरी श्रृंखला को और मजबूत करना है। इसके लिए HIV Testing, ART सेवाओं और वायरल लोड जांच की पहुंच को बेहतर बनाने के साथ-साथ लोगों में HIV के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया जा रहा है।
जिला स्तर पर नोडल अधिकारी डॉ. वासिक असदक द्वारा कार्यक्रम की प्रगति, फॉलोअप एवं डाटा प्रबंधन की नियमित समीक्षा की जा रही है। उपलब्ध आंकड़ों का विश्लेषण कर कमजोर क्षेत्रों की पहचान तथा आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
CMHO डॉ. अविनाश खरे ने कहा
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे ने कहा कि HIV/AIDS नियंत्रण कार्यक्रम में जिले की उपलब्धि स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि HIV की समय पर पहचान, संक्रमित व्यक्ति को शीघ्र उपचार से जोड़ना और उपचार की निरंतरता बनाए रखना हमारी प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि जिले में First 95, Second 95 और Third 95 के सभी स्तरों को और मजबूत करने के लिए लगातार समीक्षा की जा रही है। विशेष रूप से जहां सुधार की आवश्यकता है, वहां मैदानी स्तर पर रणनीति बनाकर कार्य किया जा रहा है। डॉ. खरे ने कहा कि “हमारा उद्देश्य केवल HIV की पहचान तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक चिन्हित व्यक्ति को गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराते हुए वायरल लोड को नियंत्रित करना और उन्हें स्वस्थ एवं सम्मानजनक जीवन जीने में सहयोग करना है।”
उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि HIV को लेकर किसी भी प्रकार की भ्रांति या भेदभाव न रखें। आवश्यकता होने पर HIV की जांच कराएं और स्वास्थ्य विभाग द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं का लाभ लें। HIV संक्रमित व्यक्ति के प्रति सहयोग एवं सम्मान का वातावरण बनाना भी एड्स नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
भेदभाव समाप्त करने पर विशेष जोर
राज्य का लक्ष्य HIV/ AIDS नियंत्रण कार्यक्रम को और प्रभावी बनाते हुए प्रत्येक व्यक्ति तक HIV Testing, ART एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना है। इसके साथ ही HIV से जुड़े सामाजिक भेदभाव और भ्रांतियों को समाप्त करने के लिए जन-जागरूकता गतिविधियों को भी प्राथमिकता दी जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग का प्रयास है कि हर व्यक्ति तक जांच, उपचार और परामर्श की सुविधा पहुंचे, HIV के साथ जीवन जी रहे व्यक्तियों को समय पर उपचार मिले और वे सामान्य एवं सम्मानजनक जीवन जी सकें।
MCB जिले का यह प्रदर्शन HIV/ AIDS नियंत्रण कार्यक्रम में जिले की प्रतिबद्धता को दर्शाता है और आने वाले समय में 95- 95- 95 लक्ष्यों की पूर्ण प्राप्ति की दिशा में एक महत्वपूर्ण आधार प्रदान करता है।



पाठकों की टिप्पणियां 0