आमदी में बनेगा 3.50 किमी फोरलेन गौरव पथ, सड़क निर्माण और सौंदर्यीकरण को मिलेगी रफ्तार
रायपुर, 6 अक्टूबर 2026। बरसात के बाद धमतरी जिले में सड़क निर्माण और सुधार कार्यों को गति देने की तैयारी पूरी कर ली गई है। लोक निर्माण विभाग ने जिले में 6 महत्वपूर्ण सड़क कार्यों के लिए कुल 101 करोड़ 23 लाख 55 हजार रुपए की निविदाओं को मंजूरी दी है। इनमें पांच प्रमुख मार्गों के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण के साथ-साथ आमदी नगर पंचायत में 3.50 किलोमीटर फोरलेन गौरव पथ निर्माण एवं सौंदर्यीकरण का कार्य शामिल है।
उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री श्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद लोक निर्माण विभाग ने निविदाओं को मंजूरी दी है। उन्होंने धमतरी संभाग के कार्यपालन अभियंता को चयनित ठेकेदारों एवं निर्माण एजेंसियों को कार्यादेश जारी कर तत्काल कार्य प्रारंभ कराने के निर्देश दिए हैं।
इन प्रमुख सड़कों के होंगे निर्माण और सुधार कार्य
लोक निर्माण विभाग द्वारा मेघा रोड तिराहा-स्टेशन रोड-चरमुड़िया राष्ट्रीय राजमार्ग-30 मार्ग के 3.75 किलोमीटर हिस्से के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण के लिए 14 करोड़ 45 लाख 12 हजार रुपए की निविदा मंजूर की गई है।
इसी तरह पचपेड़ी-तर्रागोंदी-भेलवाकूदा-टिपानी-सेमरा (बी) मार्ग के 5 किलोमीटर चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण के लिए 13 करोड़ 32 लाख 82 हजार रुपए तथा छाती-गागरा-कंडेल-देवपुर मार्ग के 9 किलोमीटर हिस्से के लिए 23 करोड़ 12 लाख 46 हजार रुपए की निविदा स्वीकृत की गई है।
इसके अलावा अर्जुनी-भानपुरी-तरसींवा-कुर्रा-अमलीडीह-हसदा सड़क के 10 किलोमीटर हिस्से के लिए 19 करोड़ 42 लाख 22 हजार रुपए की निविदा मंजूर हुई है।
विभाग ने राजनांदगांव-गुंडरदेही-धमतरी-नगरी सिहावा-बोराई राज्य मार्ग के 23 किलोमीटर हिस्से के मजबूतीकरण एवं डामरीकरण के लिए 11 करोड़ 70 लाख 83 हजार रुपए की निविदा को भी मंजूरी दी है।
इसी राज्य मार्ग में आने वाले आमदी नगर पंचायत में 3.50 किलोमीटर फोरलेन गौरव पथ निर्माण एवं सौंदर्यीकरण के लिए 19 करोड़ 26 लाख 10 हजार रुपए की निविदा स्वीकृत की गई है।
गुणवत्ता और समय-सीमा पर विशेष ध्यान देने के निर्देश
निविदाओं का अनुमोदन अनुबंध से पहले ठेकेदारों से संपूर्ण कार्यावधि के लिए प्रभावशील एपीएस (Additional Performance Security) की बैंक गारंटी प्राप्त करने की शर्त पर किया गया है।
उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने धमतरी संभाग के कार्यपालन अभियंता को सभी अनुबंधित कार्यों का संपादन एवं पर्यवेक्षण विभागीय मापदंडों के अनुरूप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समय-सीमा पर विशेष ध्यान देने को कहा है।
श्री साव ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि स्वीकृत कार्यों को किसी अन्य को सबलेट नहीं किया जाए और कार्य संपादन के लिए पॉवर ऑफ अटॉर्नी को मान्य नहीं किया जाए। उन्होंने सभी कार्यों को निर्धारित अनुबंधित अवधि में पूरा करने तथा प्रशासकीय स्वीकृति एवं आबंटन की सीमा के भीतर ही कार्य संपादित करने के निर्देश भी दिए हैं।




पाठकों की टिप्पणियां 0