चिरमिरी। इलाज के सिलसिले में घर से बाहर गए परिवार के सूने मकान को निशाना बनाकर चोरी करने वाले गिरोह का पोड़ी पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने मामले में दो नाबालिगों सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवर, लैपटॉप, मोबाइल फोन और अन्य चोरी का सामान बरामद किया है।
मिली जानकारी के अनुसार जीएम कॉम्प्लेक्स क्षेत्र निवासी सौरभ सरकार अपने परिवार के साथ इलाज के लिए बाहर गए हुए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने सूने मकान में घुसकर अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवर, सिक्के, लैपटॉप और मोबाइल फोन चोरी कर लिए। घटना की जानकारी मिलने पर प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना पोड़ी में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एमसीबी पुलिस अधीक्षक श्रीमती रत्ना सिंह के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र नायक एवं सीएसपी श्रीमती दीपिका मिंज के निर्देशन में थाना प्रभारी विवेक पाटले के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि केराडोल बस्ती क्षेत्र में राजिम बंसल (18 वर्ष) एवं दो विधि से संघर्षरत बालक संदिग्ध गतिविधियों में देखे गए हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की। पुलिस को देखकर तीनों आरोपी भागने लगे, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने दो लैपटॉप, चार मोबाइल फोन, दो सूटकेस, पीतल की थालियां तथा सोने-चांदी के जेवर और सिक्के बरामद किए।
इसी दौरान चोरी के अन्य सामान की तलाश में केराडोल साजा पहाड़ मुख्य मार्ग से लगी एक छोटी टेकरी में सर्चिंग के दौरान पुलिस टीम को पुरानी साड़ी में लिपटी एक संदिग्ध पोटली मिली। पोटली खोलने पर उसमें भारी मात्रा में नए चांदी के जेवर मिले। पुलिस ने वैधानिक प्रक्रिया पूरी करते हुए जेवर जब्त किए।
तौल कराने पर बरामद चांदी के जेवरों का कुल वजन लगभग 6 किलोग्राम पाया गया, जिसकी बाजार कीमत करीब 18 लाख रुपये आंकी गई है। बरामद सामान में करधन, पायल, सांठी, कंगन और चूड़ियां शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी एवं साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक विवेक पाटले, एएसआई कमलेश पाण्डेय, एएसआई पूरन राजवाड़े, प्रधान आरक्षक अशोक मलिक और आरक्षक प्रदीप पाण्डेय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर लगातार नजर रखी जा रही है और ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी।




पाठकों की टिप्पणियां 0