स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल पत्नी कांति जायसवाल के साथ पहुंचे समारोह में, कलकत्ता बाजार और मीना बाजार में उमड़ी भीड़; जीएम कॉम्प्लेक्स में भी जला रावण का पुतला
चिरमिरी। बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की विजय के प्रतीक विजयादशमी पर्व पर चिरमिरी के छोटा बाजार स्थित महात्मा गांधी स्टेडियम में भव्य रावण दहन कार्यक्रम आयोजित किया गया। श्री श्री दुर्गा पूजा एवं विजयादशमी समारोह समिति के तत्वावधान में हुए इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, जनप्रतिनिधि और क्षेत्रवासी शामिल हुए। भगवान श्रीराम के जयकारों के बीच रावण दहन कर लोगों को सत्य, धर्म और सदाचार के मार्ग पर चलने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य मंत्री एवं स्थानीय विधायक श्याम बिहारी जायसवाल अपनी पत्नी श्रीमती कांति जायसवाल के साथ शामिल हुए। रावण दहन देखने के लिए गांधी मैदान में लोगों की भीड़ उमड़ी और पूरा परिसर उत्सव के माहौल में सराबोर नजर आया।
समारोह में चिरमिरी के सीजीएम सिंदूर जी, दोनों सब एरिया मैनेजर, विभिन्न श्रमिक संगठनों के यूनियन नेता और अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। धार्मिक उत्साह के बीच आयोजित कार्यक्रम में लोगों ने विजयादशमी के पारंपरिक महत्व को याद करते हुए बुराइयों के त्याग और अच्छाई को अपनाने का संकल्प लिया।
कलकत्ता बाजार और मीना बाजार में उमड़ी भीड़
गांधी मैदान में रावण दहन समारोह के साथ सजे कलकत्ता बाजार और मीना बाजार ने भी लोगों का ध्यान आकर्षित किया। बाजार में खरीदारी के लिए विभिन्न दुकानें लगी थीं, वहीं मीना बाजार में तरह-तरह के झूले और मनोरंजन के साधन लोगों के आकर्षण का केंद्र बने रहे।
खासकर बच्चों में झूलों को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। परिवारों ने मेले में खरीदारी करने के साथ मनोरंजन का आनंद लिया। शाम से ही मैदान में लोगों की आवाजाही बढ़ने लगी और उत्सव का माहौल देर तक बना रहा।
आयोजन समिति की ओर से सांस्कृतिक गीतों और भक्ति संगीत की व्यवस्था भी की गई थी। जय श्रीराम के जयकारों और धार्मिक उल्लास ने समारोह को और खास बना दिया।
जीएम कॉम्प्लेक्स में भी हुआ रावण दहन
चिरमिरी के जीएम कॉम्प्लेक्स में भी विजयादशमी के अवसर पर रावण दहन कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां भी बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साह के साथ पर्व मनाया और बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक इस आयोजन में भाग लिया।
छोटा बाजार के गांधी मैदान और जीएम कॉम्प्लेक्स में हुए कार्यक्रमों ने शहर में विजयादशमी के उत्सव को यादगार बनाया। दोनों स्थानों पर रावण दहन के माध्यम से लोगों को अन्याय, अहंकार और बुराइयों का त्याग कर सत्य, धर्म और सदाचार के मार्ग पर चलने का संदेश दिया गया।




पाठकों की टिप्पणियां 0