परिजनों और राजनांदगांव कलेक्टर से फोन पर की चर्चा, विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश,
रायपुर, 22 जुलाई 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बुधवार सुबह अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त लोक कलाकार एवं प्रख्यात बांस वादक विक्रम यादव के स्वास्थ्य की जानकारी लेने के लिए उनके परिजनों से दूरभाष पर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने परिजनों को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार उनके बेहतर उपचार और हरसंभव सहयोग के लिए पूरी संवेदनशीलता के साथ उनके साथ खड़ी है।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान राजनांदगांव कलेक्टर से भी दूरभाष पर चर्चा कर विक्रम यादव के उपचार की अद्यतन जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि उनका इलाज वरिष्ठ विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में कराया जाए और आवश्यकता के अनुरूप सभी आवश्यक चिकित्सकीय सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराई जाएं।
'छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान हैं विक्रम यादव'
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि विक्रम यादव केवल छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि देश की सांस्कृतिक धरोहर हैं। उन्होंने अपनी अनूठी बांस वादन शैली से छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति और भारतीय परंपराओं को अंतरराष्ट्रीय मंचों तक नई पहचान दिलाई है।
मुख्यमंत्री ने उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए कहा कि राज्य सरकार लोक कलाकारों के सम्मान, संरक्षण और कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है।
उल्लेखनीय है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट बांस वादन कला के लिए प्रसिद्ध विक्रम यादव वर्तमान में अस्वस्थ हैं और उनका उपचार राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।




पाठकों की टिप्पणियां 0