LIVEभारत और दुनिया की हर बड़ी खबर
11 Aug 2026
ब्रेकिंग

चिरमिरी की सड़कों पर मवेशियों का डेरा, अंधेरे में हादसों का खतरा; पूर्व महापौर ने CM हेल्पलाइन में की शिकायत,

चिरमिरी की सड़कों पर मवेशियों का डेरा, अंधेरे में हादसों का खतरा; पूर्व महापौर ने CM हेल्पलाइन में की शिकायत,
चिरमिरी की सड़कों पर मवेशियों का डेरा, अंधेरे में हादसों का खतरा; पूर्व महापौर ने CM हेल्पलाइन में की शिकायत,। फोटो: आज का दिन न्यूज़

चिरमिरी। नगर पालिक निगम चिरमिरी क्षेत्र में मुख्य सड़कों और व्यस्त चौक-चौराहों पर आवारा मवेशियों के जमावड़े ने आम लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। सड़क के बीचों-बीच बैठे मवेशियों के कारण वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। पूर्व महापौर के. डोमरू रेड्डी ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है और छत्तीसगढ़ शासन की मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई है।

पूर्व महापौर के. डोमरू रेड्डी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि चिरमिरी के कई प्रमुख मार्गों और चौराहों पर मवेशियों का जमावड़ा लगातार बढ़ रहा है। विशेषकर रात के समय बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों और अंधेरे के कारण सड़क पर बैठे मवेशी वाहन चालकों को दिखाई नहीं देते। ऐसे में अचानक मवेशियों से टकराने के कारण बाइक सवार और अन्य वाहन चालक दुर्घटनाग्रस्त होकर घायल हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि लगातार हो रही घटनाओं के बावजूद नगर निगम प्रशासन द्वारा समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। इससे स्थानीय नागरिकों में नाराजगी बढ़ रही है।

इन इलाकों में सबसे ज्यादा परेशानी

पूर्व महापौर ने चिरमिरी के कई ऐसे स्थानों को चिन्हित किया है, जहां सड़कों पर मवेशियों का जमावड़ा अक्सर देखने को मिलता है। इनमें साजा पहाड़ रोड, मालवीय नगर में केराडोल नगर निगम पानी टंकी के सामने, सोनामनी क्षेत्र का काली मंदिर तिराहा, महाराणा प्रताप क्षत्रिय भवन के सामने, साव होटल के पास और दादू लाहिड़ी चौक शामिल हैं।

इसके अलावा डोमनहिल बाजार तिराहा, जय स्तंभ के पास, कोरिया कलरी स्थित अंबेडकर चौक, पोड़ी बाजार, दीनदयाल चौक, नगर निगम कार्यालय के सामने मेन रोड, ग्राम पंचायत के सामने, जगन्नाथ मंदिर और पीएचई कार्यालय के सामने भी मवेशियों के जमावड़े की समस्या बताई गई है।

बाजार क्षेत्र में बड़ा बाजार सीताकुंड चौक, शिशु मंदिर के सामने और छोटा बाजार स्थित SLRM सेंटर के आसपास भी स्थिति चिंताजनक बताई गई है। वहीं बरतुगां के भगत सिंह चौक और साईं मंदिर के पास तथा हल्दीबाड़ी के भैंसा दफाई, सरगुजा समिति, सेठी क्लॉथ स्टोर, स्वर संगम और स्टेशन क्षेत्र में भी सड़क पर मवेशियों के बैठे रहने की शिकायत की गई है।

CM हेल्पलाइन में शिकायत, मवेशियों को सुरक्षित स्थान पर भेजने की मांग

पूर्व महापौर के. डोमरू रेड्डी ने मामले को लेकर छत्तीसगढ़ शासन की मुख्यमंत्री हेल्पलाइन (1076) में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि सड़कों पर घूमने और बैठने वाले मवेशियों को तत्काल हटाकर कांजी हाउस अथवा सुरक्षित गोशालाओं में शिफ्ट किया जाए।

उन्होंने कहा कि शहरवासियों की सुरक्षा को देखते हुए नगर निगम को अभियान चलाकर सड़कों से मवेशियों को हटाना चाहिए। साथ ही खराब स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त कर रात के समय दुर्घटनाओं की आशंका को कम करने के लिए तत्काल कदम उठाने की मांग की गई है।

यह खबर कैसी लगी?

शेयर करें

Admin

Admin

पाठकों की टिप्पणियां 0