बिलासपुर के वैष्णो देवी शक्ति महिला स्व सहायता समूह ने घरेलू उत्पाद बनाकर बनाई अलग पहचान, बढ़ी आय और आत्मविश्वास,
रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार की बिहान योजना और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रभावी साबित हो रही है। इसका सशक्त उदाहरण बिलासपुर जिले के मस्तुरी विकासखंड के ग्राम कछार स्थित वैष्णो देवी शक्ति महिला स्व सहायता समूह है, जिसकी महिलाएं आज सामूहिक प्रयास और उद्यमिता के बल पर आर्थिक रूप से सशक्त बन रही हैं।
समूह की अध्यक्ष अपूर्वा तिवारी के नेतृत्व में महिलाएं क्लीनिंग एवं घरेलू उपयोग के विभिन्न उत्पाद तैयार कर रही हैं। बेहतर गुणवत्ता और स्वच्छता के कारण इन उत्पादों की स्थानीय बाजार में अच्छी मांग है, जिससे समूह को नियमित आय और बेहतर मुनाफा मिल रहा है।
प्रशिक्षण और वित्तीय सहायता से मिला नया मुकाम
'बिहान' योजना के तहत समूह को प्रशिक्षण, वित्तीय सहायता, विपणन सहयोग और उद्यम विकास का मार्गदर्शन मिला। इसके बाद महिलाओं ने अपने कौशल को व्यवसाय का रूप दिया और अब वे अपने उत्पाद स्थानीय हाट-बाजारों, मेलों और प्रदर्शनियों में भी बेच रही हैं।
आत्मनिर्भरता के साथ बढ़ा आत्मविश्वास
समूह की अध्यक्ष अपूर्वा तिवारी ने बताया कि पहले महिलाएं केवल घरेलू कार्यों तक सीमित थीं, लेकिन आज वे स्वयं उत्पाद तैयार कर उनका विपणन कर रही हैं। इससे उनकी आय बढ़ी है, परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है और समाज में उनकी अलग पहचान बनी है।
ग्रामीण विकास की प्रेरक मिसाल
वैष्णो देवी शक्ति महिला स्व सहायता समूह की सफलता ग्रामीण महिलाओं के लिए प्रेरणादायक उदाहरण बनकर उभरी है। शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से महिलाओं को सम्मानजनक आजीविका, आर्थिक स्वावलंबन और बेहतर भविष्य की नई राह मिली है।



पाठकों की टिप्पणियां 0