सेवा सेतु से लेकर पीएम प्रगति और ई-प्रगति तक योजनाओं की समीक्षा, रिक्त पदों की भर्ती और अधिकारियों के प्रशिक्षण पर भी जोर
रायपुर, 11 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ शासन के मुख्य सचिव श्री विकासशील ने मंत्रालय महानदी भवन में राज्य के सभी प्रमुख विभागों के सचिवों के साथ उच्च स्तरीय बैठक कर शासन की प्राथमिक योजनाओं और प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने विभागीय योजनाओं की जमीनी प्रगति पर लगातार नजर रखने और नागरिक सेवाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य सचिव ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ लोगों तक समय पर पहुंचे, इसके लिए विभागीय सचिव नियमित रूप से योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करें। उन्होंने लंबित प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण के साथ प्रशासनिक प्रक्रियाओं को अधिक प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया।
सेवानिवृत्ति प्रकरणों का पहले से करें निराकरण
मुख्य सचिव ने सेवा निवृत्त होने वाले अधिकारी-कर्मचारियों के प्रकरणों में अनावश्यक देरी रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति से पहले ही संबंधित प्रकरणों को तैयार कर उनका निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
इसके लिए सभी विभागों को नियतकालिक रूप से सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारी-कर्मचारियों की विभागवार सूची तैयार करने को कहा गया। उन्होंने रिक्त पदों और बैकलॉग की स्थिति की समीक्षा कर भर्ती प्रक्रिया को भी आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।
नागरिक सेवाओं पर विशेष ध्यान
बैठक में लोक सेवा गारंटी, सूचना का अधिकार, सेवा सेतु, पीएम प्रगति पोर्टल और ई-प्रगति सहित कई महत्वपूर्ण विषयों की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत 728 सेवाएं अधिसूचित हो चुकी हैं।
मुख्य सचिव ने नागरिकों को निर्धारित समय-सीमा में सेवाएं उपलब्ध कराने और डिजिटल प्लेटफॉर्म के बेहतर उपयोग पर जोर दिया।
अधिकारियों-कर्मचारियों की क्षमता बढ़ाने पर जोर
मुख्य सचिव ने आई-गॉट प्लेटफॉर्म के माध्यम से अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रशिक्षण कार्यक्रमों की विभागवार मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विभाग अपनी जरूरतों के आधार पर प्रशिक्षण की कार्ययोजना तैयार करे, ताकि कर्मचारियों की क्षमता और कार्यकुशलता को बेहतर बनाया जा सके।
प्रशासनिक सुधारों की होगी समीक्षा
बैठक में डी-रेगुलेशन, ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं तथा अन्य महत्वपूर्ण कार्यक्रमों की भी समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने सभी विभागों को अपने-अपने स्तर पर किए जा रहे प्रशासनिक सुधारों की जानकारी तैयार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में ‘रिफॉर्म उत्सव अभियान’ आयोजित किया जाएगा। इसके लिए विभागों को अपने सुधारों और उपलब्धियों की जानकारी व्यवस्थित रूप से तैयार रखने को कहा गया।
बैठक में राज्य शासन के विभिन्न विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव, सचिव तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।




पाठकों की टिप्पणियां 0