सड़क निर्माण की मांग पर SECL प्रबंधन से हुई चर्चा के बाद फैसला, वैकल्पिक सड़क व्यवस्था पर लिखित प्रस्ताव मांगा गया,
चिरमिरी। सड़क निर्माण की मांग को लेकर 27 जुलाई को प्रस्तावित बरतुंगा बचाओ मंच का एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन, आमसभा और कोल परिवहन रोकने का कार्यक्रम फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। यह निर्णय SECL प्रबंधन द्वारा मांगों पर विचार के लिए एक माह का समय मांगे जाने के बाद लिया गया।
बरतुंगा बचाओ मंच ने बताया कि 27 जुलाई 2026 को दोपहर 12 से 3 बजे तक सांकेतिक धरना, प्रदर्शन, कोल परिवहन रोकने और आमसभा का आयोजन प्रस्तावित था। इससे पहले 25 जुलाई को SECL चिरमिरी के मुख्य महाप्रबंधक कार्यालय में पदस्थ क्षेत्रीय कार्मिक प्रबंधक के साथ हुई चर्चा में मंच ने आवागमन के लिए वैकल्पिक और सुगम सड़क निर्माण की अपनी प्रमुख मांग रखी।
मंच के अनुसार, SECL प्रबंधन ने मांगों पर गंभीरता से विचार करने के लिए एक माह का समय मांगा और सुझाव दिया कि वैकल्पिक सड़क व्यवस्था से संबंधित मांगों को लिखित रूप में मुख्य महाप्रबंधक कार्यालय को सौंपा जाए, ताकि नियमानुसार उस पर निर्णय लिया जा सके।
बरतुंगा बचाओ मंच ने कहा कि प्रबंधन के सकारात्मक आश्वासन को देखते हुए 27 जुलाई का प्रस्तावित आंदोलन आगामी आदेश तक स्थगित किया गया है। हालांकि, यदि तय समय सीमा में मांगों पर संतोषजनक कार्रवाई नहीं होती है, तो आगे की रणनीति बनाकर आंदोलन की नई तिथि घोषित की जाएगी।



पाठकों की टिप्पणियां 0