LIVEभारत और दुनिया की हर बड़ी खबर
28 Sep 2026
ब्रेकिंग

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासन की तत्परता से 16 हजार से अधिक लोगों का बचाव

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासन की तत्परता से 16 हजार से अधिक लोगों का बचाव
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासन की तत्परता से 16 हजार से अधिक लोगों का बचाव। फोटो: आज का दिन न्यूज़

एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और जिला प्रशासन की टीमें लगातार सक्रिय, 571 गांवों के 22,377 लोग प्रभावित

रायपुर, 27 सितम्बर 2026। प्रदेश में अतिवृष्टि और बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों में राज्य शासन एवं जिला प्रशासन द्वारा व्यापक राहत एवं बचाव अभियान लगातार चलाया जा रहा है। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ तथा जिला प्रशासन की संयुक्त टीमों ने कठिन परिस्थितियों में अब तक 16,074 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। बस्तर और बीजापुर जिलों के दुर्गम क्षेत्रों में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए हेलीकॉप्टरों की भी मदद ली गई।

27 सितम्बर 2026 की स्थिति के अनुसार प्रदेश के 571 ग्रामों के 22,377 लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। प्रभावित क्षेत्रों में 173 राहत शिविर स्थापित किए गए हैं, जहां 17,540 लोगों को आश्रय दिया गया है। राहत शिविरों में प्रभावित लोगों के लिए भोजन, स्वच्छ पेयजल, स्वास्थ्य परीक्षण, दवाइयों सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है।Example Image

प्रशासन द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। जरूरत के अनुसार राहत शिविरों का संचालन जारी रखा जा रहा है और प्रभावित लोगों तक आवश्यक सहायता पहुंचाई जा रही है।

199 मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त

बाढ़ के कारण प्रदेश में 199 मकान पूर्णतः तथा 1,155 मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं। मकानों एवं अन्य संपत्तियों को हुई क्षति का राजस्व अमले द्वारा सर्वेक्षण एवं आकलन किया जा रहा है। पात्र प्रभावित परिवारों को राजस्व पुस्तक परिपत्र 6-4 (RBC 6-4) के प्रावधानों के अनुसार शीघ्र आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जा रही है।

8 लोगों और 172 पशुओं की जनहानि

आपदा के कारण अब तक 8 जनहानि तथा 172 पशुहानि की सूचना प्राप्त हुई है। संबंधित जिला प्रशासन को प्रत्येक प्रकरण में नियमानुसार राहत राशि प्रदान करने तथा प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

राज्य शासन द्वारा बाढ़ और राहत-बचाव कार्यों की लगातार समीक्षा की जा रही है। प्रशासन की प्राथमिकता प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाना, राहत शिविरों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा बाढ़ से हुई क्षति का शीघ्र आकलन कर पात्र परिवारों को समयबद्ध आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है।

यह खबर कैसी लगी?

शेयर करें

Admin

Admin

पाठकों की टिप्पणियां 0