नागपुर क्षेत्र से 2 और चटनीया नाला से 1 ट्रैक्टर पकड़ा गया, नियमों के तहत होगी कार्रवाई...
मनेंद्रगढ़। एमसीबी जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर रोक लगाने के लिए खनिज विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है। कलेक्टर के निर्देश पर जिला खनिज उड़नदस्ता दल ने 09 सितंबर 2026 को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सघन जांच करते हुए अवैध रेत परिवहन के मामले में तीन ट्रैक्टर वाहनों को जब्त किया।
नागपुर क्षेत्र में दो ट्रैक्टर जब्त
खनिज विभाग की टीम ने तहसील मनेंद्रगढ़ के नागपुर क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए रेत का अवैध परिवहन कर रहे दो ट्रैक्टरों को पकड़ा। दोनों वाहनों को सुरक्षा की दृष्टि से थाना पोड़ी, चौकी नागपुर में खड़ा कराया गया है।
चटनीया नाला से भी एक ट्रैक्टर पकड़ा
इसी अभियान के तहत खनिज विभाग की टीम ने नारायणपुर क्षेत्र के चटनीया नाला में भी कार्रवाई की। यहां रेत का अवैध परिवहन करते पाए गए एक ट्रैक्टर को जब्त किया गया। जब्त वाहन को आवश्यक कार्रवाई के लिए कलेक्टर परिसर में खड़ा कराया गया है।
खनिज अधिनियम के तहत होगी कार्रवाई
खनिज विभाग के अनुसार जब्त किए गए वाहनों के विरुद्ध खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 तथा छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 के प्रावधानों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अवैध खनन और परिवहन पर लगातार निगरानी
जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए विभाग द्वारा जांच अभियान लगातार जारी है। विभाग की इस कार्रवाई के बाद अवैध रूप से रेत परिवहन करने वालों में हड़कंप की स्थिति है।
खनिज विभाग ने स्पष्ट संकेत दिया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी जांच और कार्रवाई जारी रहेगी।




पाठकों की टिप्पणियां 0