LIVEभारत और दुनिया की हर बड़ी खबर
24 Oct 2026
ब्रेकिंग

7 मौतों के बाद कठौतिया-जनकपुर सड़क पर उठे सवाल, गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने मांगा सड़क चौड़ीकरण और 15 लाख मुआवजा

7 मौतों के बाद कठौतिया-जनकपुर सड़क पर उठे सवाल, गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने मांगा सड़क चौड़ीकरण और 15 लाख मुआवजा
7 मौतों के बाद कठौतिया-जनकपुर सड़क पर उठे सवाल, गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने मांगा सड़क चौड़ीकरण और 15 लाख मुआवजा। फोटो: आज का दिन न्यूज़

मनेंद्रगढ़। एमसीबी जिले के केल्हारी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रोजी के समीप हुए भीषण बस हादसे में सात लोगों की मौत और 40 से अधिक लोगों के घायल होने के बाद सड़क सुरक्षा का मुद्दा उठने लगा है। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने कठौतिया–जनकपुर मार्ग की बदहाली को लेकर जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा है। पार्टी ने लगभग 120 किलोमीटर लंबे मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने, तत्काल मरम्मत एवं चौड़ीकरण कराने और हादसे में मृतकों के परिजनों को 15-15 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की है।

गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के जिला अध्यक्ष केबल सिंह मरकाम और संगठन जिला महासचिव शेख इस्माइल के नेतृत्व में पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी तथा एमसीबी कलेक्टर संतन देवी जांगड़े के नाम ज्ञापन सौंपा।

कठौतिया–जनकपुर मार्ग की बदहाली पर उठाए सवाल

गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के जिला महासचिव शेख इस्माइल ने बताया कि लगभग 120 किलोमीटर लंबा कठौतिया–जनकपुर मार्ग वर्तमान में सिंगल सड़क है। सड़क की कम चौड़ाई, किनारों पर बड़े-बड़े गड्ढे और वाहनों का दबाव दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ाते हैं। यह मार्ग भरतपुर, कोटाडोल और केल्हारी क्षेत्र को जिला मुख्यालय से जोड़ने के लिहाज से महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री बसों, भारी वाहनों और आम नागरिकों का आवागमन होता है, लेकिन सड़क की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। उन्होंने तत्काल मरम्मत, तकनीकी सर्वेक्षण के आधार पर चौड़ीकरण और मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाने की मांग की।

एक वर्ष पहले भी केंद्रीय मंत्री को दिया था आवेदन

शेख इस्माइल के अनुसार, कठौतिया–जनकपुर मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने और चौड़ीकरण कराने की मांग को लेकर लगभग एक वर्ष पहले गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष तुलेश्वर सिंह मरकाम तथा भरतपुर-सोनहत क्षेत्र के पूर्व विधायक प्रत्याशी श्याम सिंह मरकाम ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर आवेदन प्रस्तुत किया था।

पार्टी ने पूर्व में दिए गए आवेदन पर हुई कार्रवाई की जानकारी लेने और प्रस्ताव को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने की मांग की है।

मृतकों के परिजनों को 15 लाख रुपये मुआवजे की मांग

गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजन को 15-15 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों को 2-2 लाख रुपये और सामान्य रूप से घायलों को 50-50 हजार रुपये मुआवजा देने की मांग की है।

इसके अलावा दुर्घटनास्थल और सड़क के संवेदनशील हिस्सों पर चेतावनी संकेतक, रिफ्लेक्टर, सड़क की पट्टियां और गति सीमा संबंधी संकेतक लगाने की मांग भी की गई है। पार्टी का कहना है कि दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए स्थायी सड़क सुधार और प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था जरूरी है।

चिरमिरी–चैनपुर सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर भी सवाल

शेख इस्माइल ने चिरमिरी–चैनपुर सड़क निर्माण कार्य में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए कहा कि लगभग एक वर्ष से चल रहे निर्माण कार्य को लेकर संबंधित अधिकारियों से शिकायतें की गई हैं।

उनके अनुसार, मार्ग के कई हिस्सों में सड़क धंसने, बारिश के बाद गड्ढे बनने और आवागमन के दौरान धूल उड़ने की समस्याएं हैं। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराने, क्षतिग्रस्त हिस्सों को दुरुस्त करने और निर्माण शीघ्र पूरा कराने की मांग की।

एमसीबी जिले में परिवहन कार्यालय खोलने की मांग

ज्ञापन में एमसीबी जिले में परिवहन कार्यालय नहीं होने का मुद्दा भी उठाया गया। शेख इस्माइल ने कहा कि जिले में सड़क परिवहन आवागमन का प्रमुख साधन है और प्रतिदिन लगभग 50 से अधिक बसें चलती हैं। ऐसे में वाहनों के बीमा, फिटनेस प्रमाण पत्र, परमिट, ड्राइविंग लाइसेंस और निर्धारित यात्री क्षमता की नियमित जांच जरूरी है।

उन्होंने जिले में परिवहन कार्यालय स्थापित करने और यात्री वाहनों की नियमित जांच सुनिश्चित करने की मांग की, ताकि परिवहन नियमों का पालन हो और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी

गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने जिला प्रशासन और संबंधित विभागों से कठौतिया–जनकपुर मार्ग की तत्काल मरम्मत, चौड़ीकरण, राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने की प्रक्रिया में पहल तथा चिरमिरी–चैनपुर सड़क निर्माण की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की है।

शेख इस्माइल ने कहा कि यह मामला केवल सड़क निर्माण का नहीं, बल्कि आम नागरिकों के जीवन और सुरक्षा से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि जनहित की मांगों पर गंभीरता से कार्रवाई नहीं होने पर गोंडवाना गणतंत्र पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।

ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला कार्यकारिणी सदस्य बाबूलाल, नगर महासचिव नंदकुमार आयाम, किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष जगजीवन सिंह, शहरी प्रभारी सुक्खू राम ध्रुवे, राजेश बंसल सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

यह खबर कैसी लगी?

शेयर करें

Admin

Admin

पाठकों की टिप्पणियां 0