LIVEभारत और दुनिया की हर बड़ी खबर
18 Jul 2026
ब्रेकिंग

2018 बैच के आईपीएस योगेश कुमार पटेल ने संभाला सूरजपुर एसपी का पदभार, कानून-व्यवस्था और सड़क सुरक्षा पर दिया विशेष जोर,

2018 बैच के आईपीएस योगेश कुमार पटेल ने संभाला सूरजपुर एसपी का पदभार, कानून-व्यवस्था और सड़क सुरक्षा पर दिया विशेष जोर,
2018 बैच के आईपीएस योगेश कुमार पटेल ने संभाला सूरजपुर एसपी का पदभार, कानून-व्यवस्था और सड़क सुरक्षा पर दिया विशेष जोर, । फोटो: आज का दिन न्यूज़

पहली समीक्षा बैठक में थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश, अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई, अनसुलझे मामलों के निराकरण और पीड़ितों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश

सूरजपुर। जिले के नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल (भा.पु.से.) ने शुक्रवार, 17 जुलाई 2026 को जिला पुलिस कार्यालय सूरजपुर में विधिवत पदभार ग्रहण किया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना एवं चौकी प्रभारियों तथा पुलिस कार्यालय की विभिन्न शाखाओं के अधिकारियों के साथ परिचयात्मक बैठक कर जिले की कानून-व्यवस्था और पुलिस व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की।

परिचयात्मक बैठक में अधिकारियों ने अपने-अपने कार्यक्षेत्र और दायित्वों की जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल 2018 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारी हैं। इससे पूर्व वे अंबिकापुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) और बालोद जिले में पुलिस अधीक्षक के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

बैठक के दौरान एसपी ने जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, सड़क दुर्घटनाओं, ब्लैक स्पॉट, लंबित एवं अनसुलझे प्रकरणों, शिकायतों के निराकरण तथा सामाजिक एवं राजनीतिक गतिविधियों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को निर्देश दिए कि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के साथ आम नागरिकों में पुलिस के प्रति विश्वास और सुरक्षा की भावना मजबूत की जाए।

उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए विशेष अभियान चलाने, राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अन्य प्रमुख मार्गों पर खराब होकर खड़े भारी वाहनों को तत्काल हटाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा ट्रांसपोर्टरों और वाहन मालिकों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश देने को कहा। साथ ही मालवाहक वाहनों में यात्रियों के परिवहन पर सख्ती से कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।

एसपी योगेश कुमार पटेल ने अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाने, पीड़ितों एवं फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुनकर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा पुराने एवं अनसुलझे मामलों की गहन विवेचना कर शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष, पारदर्शी और संवेदनशील पुलिसिंग ही जनता का विश्वास मजबूत करने का सबसे प्रभावी माध्यम है।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन, सीएसपी बेनार्ड कुजूर, डीएसपी मुख्यालय महालक्ष्मी कुलदीप, एसडीओपी ओड़गी राजेश जोशी, डीएसपी अजाक रीता नीलम कुजूर सहित जिले के सभी थाना-चौकी प्रभारी एवं शाखा प्रभारी उपस्थित रहे।

यह खबर कैसी लगी?

शेयर करें

Admin

Admin

पाठकों की टिप्पणियां 0